रांची। झारखंड में पांच चरणों में हो रहे विधानसभा चुनावों के बीच नवनिर्मित विधानसभा भवन के एक हिस्से में बुधवार को भीषण आग लग गई, जिस पर रात लगभग दस बजे काबू पाया जा सका। बता दें कि नई सरकार का पहला सत्र इसी नए विधान भवन में होना था, लेकिन अब इस पर संशय गहरा गया है।
Related Stories
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे विधानसभा भवन के तीसरे तल्ले पर आग लग गई जिसने विकराल रूप धारण कर लिया। भारी मशक्कत के बाद अग्निशमन दल ने लगभग दस बजे आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारण विपक्ष के साथ-साथ पत्रकार दीर्घा जलकर पूरी तरह खाक हो गया। झारखंड विधानसभा के नए भवन के पश्चिमी भाग के चार अलग-अलग हिस्सों में आग लगी। दर्जन भर दमकल वाहनों के साथ अग्निशमन दस्ता देर तक आग पर नियंत्रण का प्रयास करता रहा।
आग के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। नए विधानसभा भवन में आग लगने घटना से नई सरकार के गठन के बाद पहले सत्र की कार्यवाही नए विधानसभा भवन में होने पर संशय मंडराने लगा है।