1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कानपुर में दर्ज हुई पहली ई-एफआईआर, फेसबुक एफआईआर योजना ठंडे बस्ते में

कानपुर में दर्ज हुई पहली ई-एफआईआर, फेसबुक एफआईआर योजना ठंडे बस्ते में

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 11, 2016 07:07 pm IST,  Updated : Jun 11, 2016 07:07 pm IST

शहर के कल्याणपुर पुलिस स्टेशन में एक साफ्टवेयर डेवलेपर के मोबाइल लूटे जाने की ई-एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि ई-एफआईआर दर्ज होने का उत्तर प्रदेश में यह पहला मामला है।

E FIR- India TV Hindi
E FIR

कानपुर: शहर के कल्याणपुर पुलिस स्टेशन में एक साफ्टवेयर डेवलेपर के मोबाइल लूटे जाने की ई-एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि ई-एफआईआर दर्ज होने का उत्तर प्रदेश में यह पहला मामला है। एफआईआर लिखाने वाले को उसकी कापी उसके ईमेल पर ही भेज दी गई है। कानपुर पुलिस के एसएसपी शलभ माथुर ने शुक्रवार को बताया कि विनायकपुर कल्याणपुर के चन्द्रप्रकाश साफ्टवेयर डेवलेपर का काम करते है।

चन्द्रप्रकाश के मुताबिक वह घर जा रहे थे, तभी दो बाइक सवारों ने उनसे उनका मोबाइल लूट लिया। शुक्रवार को उन्होंने यूपी पुलिस की वेबसाईट पर ई-मेल के जरिए मोबाइल लूट की एफआईआर दर्ज करवाई। शुक्रवार शाम को ही उनके द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर की कापी ई-मेल के जरिये उन्हें भेज दी गयी है और पुलिस ने मामले की जांच शुर कर दी है। हालांकि अभी तक किसी लुटेरे को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

एसएसपी माथुर के मुताबिक ई-एफआईआर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसी घटना की एफआईआर लिखाने के लिए लोगों को पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती और घर पर बैठकर भी ई-मेल से रिपोर्ट लिखाई जा सकती है। हालांकि अभी इस योजना का परीक्षण किया जा रहा है। इससे पुलिस का काम पेपर लेस और आसान हो जाता है।माथुर का दावा है कि कल्याणपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई यह ई-एफआईआर प्रदेश की पहली आनलाइन एफआईआर है।

गौरतलब है कि करीब तीन साल पहले कानपुर में फेसबुक के जरिए एफआईआर दर्ज करने की शुरूआत की गई थी और कल्याणपुर पुलिस स्टेशन में ही पहली फेसबुक एफआईआर दर्ज हुई थी। तब पुलिस के आला अधिकारियों ने शहर के सभी पुलिस स्टेशनों को अपना फेसबुक पेज खोलने का फरमान जारी किया था, लेकिन फेसबुक के जरिए एफआईआर दर्ज करने की योजना ने छह महीने में ही दम तोड़ दिया था और जिन पुलिस स्टेशनों ने फेसबुक पेज बनाए थे वह अब काफी दिनों से अपडेट नहीं किए गए हैं। पुलिस की जोर-शोर से शुरू हुई फेसबुक एफआईआर योजना फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत