कोलकाता: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार म्यांमार और थाईलैंड के साथ सुगम यातायात के विकास के लिए समझौता करने पर वार्ता कर रही है। गडकरी ने एक कार रैली के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में सड़क परियोजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये निवेश कर रही है।
यह रैली निर्बाध माल ढुलाई के लिए बांग्लादेश-भूटान-भारत-नेपाल (BBIN) समझौते का प्रचार करने के लिए आयोजित की गई। उन्होंने बीबीआईएन फ्रेंडशिप मोटर रैली के समापन समारोह में यहां कहा, "आने वाले समय में हम म्यांमार तक और थाईलैंड तक सड़क चाहेंगे। हम एक समझौता करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मार्ग से पर्यटन और व्यापार का विकास होगा।"
गडकरी ने कहा, "हमने पूर्वोत्तर में सड़क परियोजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये निवेश करने का फैसला किया है। 16,000 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण परियोजना शुरू भी हो चुकी है।" उन्होंने कहा कि जून में शुरू की गई कोलकाता-ढाका-अगरतला बस सेवा से पर्यटन का विकास हुआ है और द्विपक्षीय संबंध मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा, "हमने ब्रह्मपुत्र के उपयोग पर भी बांग्लादेश से एक समझौता किया है। उम्मीद है भविष्य में भारत से बांग्लादेश की यात्रा के लिए जल परिवहन मार्ग भी होगा।"