1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गिर में एशियाई शेरों की संख्या में 29 प्रतिशत वृद्धि, कुल संख्या 674 हुई

गिर में एशियाई शेरों की संख्या में 29 प्रतिशत वृद्धि, कुल संख्या 674 हुई

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 10, 2020 08:14 pm IST,  Updated : Jun 10, 2020 08:14 pm IST

आधिकारिक विज्ञप्ति में गताया गया है कि ‘पूनम अवलोकन’ (पूर्णिमा पर शेरों की गिनती की कवायद) में पता चला है कि शेरों की संख्या 28.87 प्रतिशत बढ़कर 674 हो गई है।

Lions- India TV Hindi
गिर में एशियाई शेरों की संख्या में 29 प्रतिशत वृद्धि हुई Image Source : TWITTER/NARENDRAMODI

अहमदाबाद. गुजरात के वन विभाग ने बुधवार को बताया कि गिर वन क्षेत्र में एशियाई शेरों की संख्या 29 प्रतिशत की वृद्धि के साथ अब 674 हो गई है। विभाग ने पांच और छह जून को पूर्णिमा में शेरों की संभावित संख्या की गणना शुरू की थी। हर पांच साल बाद होने वाली यह गणना मई में होनी थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते इसे टाल दिया गया। मई 2015 की गणना के अनुसार गिर में एशियाई शेरों की संख्या 523 थी।

साल 2010 से 2015 के बीच इनकी संख्या में 27 प्रतिशत की वृद्धि हुई। विभाग की आधिकारिक विज्ञप्ति में गताया गया है कि ‘पूनम अवलोकन’ (पूर्णिमा पर शेरों की गिनती की कवायद) में पता चला है कि शेरों की संख्या 28.87 प्रतिशत बढ़कर 674 हो गई है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह अब तक की सबसे अधिक वृद्धि दर है। कुल 674 शेरों में 161 नर, 260 मादा, 116 व्यस्क शावक और 137 शावक हैं।

इस कवायद में यह भी पता चला है कि शेरों के इलाके में भी 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो 2015 के 22,000 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 2020 में 30,000 वर्ग किलोमीटर हो गया है। शेरों की गणना की इस कवायद में 1,400 कर्मी शामिल थे। हालांकि इस बीच कई शेरों की मौत भी हुई है। अधिकारियों के अनुसार टिक (किलनी) जनित बीमारी 'बेबसियोसिस' के चलते बीते तीन महीने में क्षेत्र में करीब दो दर्जन शेरों की मौत हुई है। इससे पहले अक्टूबर-नवंबर 2018 में कैनाइन डिस्टेम्पर वायरस (सीडीवी) के चलते 40 शेरों की मौत हो गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत