नई दिल्ली: 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के चीफ हाफिज सईद ने कहा कि भारत कयामत तक भी मुंबई हमले में उसकी भूमिका साबित नहीं कर पाएगा। हाफिज ने चुनौती भरे लहजे में कहा, ‘भारत सात सालों में मुंबई हमलों को साबित नहीं कर सका है और कयामत तक नहीं कर पाएगा।’
हाफिज ने भारत को चुनौती देने वाला एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। इस वीडियो में हाफिज लोगों को संबोधित कर रहा है। वीडियो में हाफिज ने कहा है, ‘इन्होंने तो कुछ नहीं कहा, सुषमा को जवाब मैं देता हूं, ओ सुन, तुम बंबई अटैक को सात साल हो गए साबित नहीं कर सके, कयामत तक इंशा अल्लाह साबित नहीं कर सकते।’
इसके अलावा हाफिज ने एक ट्वीट भी किया जिसमें उसने कहा, ‘भारत मुंबई हमले का सबूत देने में नाकाम रहा है, वहीं दूसरी ओर मोदी ने खुद ही 1971 को सबसे खतरनाक आतंकवाद के बारे में कबूल किया है।’ बता दे कि 1971 के आतंकवाद से हाफिज का मतलब बांग्लादेश को लेकर भारत-पाकिस्तान के युद्ध से है।