1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हाजीपुर जेल में कैदियों के बीच मारपीट और गोलीबारी, एक कैदी की मौत, 5 घायल

हाजीपुर जेल में कैदियों के बीच मारपीट और गोलीबारी, एक कैदी की मौत, 5 घायल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 03, 2020 04:51 pm IST,  Updated : Jan 03, 2020 10:06 pm IST

बिहार की राजधानी पटना से सटे हाजीपुर जेल में कैदियों के बीच जमकर हुई मारपीट और गोलीबारी में एक कैदी की मौत हो गई जबकि कई कैदी घायल हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर

हाजीपुर: बिहार की राजधानी पटना से सटे हाजीपुर जेल में कैदियों के बीच जमकर हुई मारपीट और गोलीबारी में एक कैदी की मौत हो गई जबकि 5 कैदी घायल हो गए।  जिस कैदी को गोली लगी उसका नाम मनीष है और वह सुरभी ज्वेलर्स दुकान से सोना लूट कांड में विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में बंद था।

जानकारी के मुताबिक वैशाली जिले की जिला जेल में एक कैदी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी और उसके बाद झड़प में कम से कम पांच अन्य बंदी घायल हो गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। संदेह है कि उसे घायल पांच कैदियों में एक ने उसकी हत्या की। जिलाधिकारी उदिता सिंह इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों के साथ जेल पहुंचीं। सिंह ने कहा, ‘‘ एक पिस्तौल और कुछ गोलियां मिली हैं। मामले की जांच चल रही है।’’

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिस कैदी की मौत हुई है, उसकी पहचान मनीष के रूप में हुई है, और उसकी उम्र 20 साल के आसपास है। सूत्रों के अनुसार सालभर पहले लूट के एक मामले में गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल लाया गया था। सूत्रों के मुताबिक इस घटना के बाद कैदी उत्तेजित हो गये और फिर झड़प शुरू हो गयी जिसमें पांच कैदी घायल हो गये। सूत्रों ने बताया कि पांचों घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं। अधिकारी घायलों का बयान दर्ज करने के लिए डॉक्टरों की मंजूरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं ताकि इसका सुराग मिल पाए कि हथियार जेल में कैसे पहुंचा, किसने मंगवाया था और किस वजह से यह हमला हुआ था।

इस बीच हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने इस घटना पर चिंता प्रकट की। उन्होंने नीतीश कुमार सरकार पर कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ घुटने टेक देने का आरोप लगाया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत