1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कांग्रेस कल जारी कर सकती है हिमाचल चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची

कांग्रेस कल जारी कर सकती है हिमाचल चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 17, 2017 09:37 pm IST,  Updated : Oct 17, 2017 09:37 pm IST

कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक कल पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होगी तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की सूची भी कल जारी हो सकती है।

sonia gandhi- India TV Hindi
sonia gandhi Image Source : PTI

नयी दिल्ली: कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक कल पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होगी तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की सूची भी कल जारी हो सकती है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक कल सुबह 10 बजे सोनिया के 10 जनपथ स्थित आवास पर होगी। सोनिया इस समिति की भी अध्यक्ष हैं। 

सूत्रों ने बताया कि बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी के प्रभारी महासचिव सुशील कुमार शिंदे के साथ साथ राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह एवं प्रदेश पीसीसी प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू के भाग लेने की संभावना है। सूत्रों ने कहा, समिति इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए कल उम्मीदवारों का चयन करेगी। अधिकतर उम्मीदवारों के नाम कल ही तय कर दिये जाएंगे। कुछ सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम बाद में तय किये जाएंगे। इसका कारण है कि कुछ सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर आम सहमति नहीं बन सकी है। हिमाचल प्रदेश में नौ नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए वीरभद्र सिंह को मुख्यमंत्री का चेहरा एवं प्रचार समिति का अध्यक्ष पहले ही घोषित किया जा चुका है। सूत्रों ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में वीरभद्र की पसंद को महत्व दिया जाएगा। 

वीरभद्र ने कल संवाददाताओं से कहा था कि पार्टी टिकट वितरण में जीतने की संभावना ही एकमात्र कारक है। उन्होंने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया कि क्या राज्य में एक परिवार एक टिकट फार्मूले को लागू किया जाएगा। इस फार्मूले को पहले पंजाब में सफलतापूर्वक लागू किया गया था।  मुख्यमंत्री ने इस बात की पुष्टि की कि उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण सीट से लड़ेंगे जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में वह स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र को चुनाव लड़ने का समुचित अधिकार है क्योंकि वह हिमाचल युवा कांग्रेस का प्रमुख है। यह पूछे जाने पर कि क्या वर्तमान विधायकों को वापस उतारा जाएगा, उन्होंने कहा कि कुछ को छोड़कर सभी को मौका दिया जाएगा। केवल उन्हें ही नहीं दिया जाएगा जिन्होंने चुनाव नहीं लड़ने की मंशा जतायी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत