1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल प्रदेश: किन्नौर हादसे में लापता बस का मलबा मिला, मृतकों की संख्या 13 हुई, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हिमाचल प्रदेश: किन्नौर हादसे में लापता बस का मलबा मिला, मृतकों की संख्या 13 हुई, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 12, 2021 10:59 am IST,  Updated : Aug 12, 2021 11:00 am IST

बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली है जबकि एक ‘बोलरो’ वाहन अब भी मलबे में दबा है। मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

हिमाचल प्रदेश:  किन्नौर हादसे में लापता बस का मलबा मिला, मृतकों की संख्या 13 हुई, रेस्क्यू ऑपरेशन जा- India TV Hindi
हिमाचल प्रदेश:  किन्नौर हादसे में लापता बस का मलबा मिला, मृतकों की संख्या 13 हुई, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी Image Source : INDIA TV

शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार को एक बस और अन्य वाहनों के भूस्खलन की चपेट में आने से मलबे में फंसे लोगों की तलाश एवं बचाव के लिए अभियान बृहस्पतिवार सुबह फिर से शुरू हुआ और इस दौरान मलबे में दबे बस को निकाल लिया गया है।  तीन और शव मिलने से इस आपदा में मरने वालों की संख्या अब 13 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि कुछ वाहनों के साथ ही मलबे में हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस भी दब गई थी। ये तीन शव बस में से ही मिले हैं। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली है जबकि एक ‘बोलरो’ वाहन अब भी मलबे में दबा है। राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह छह बजे बचाव कार्य फिर से शुरू किया गया।स्थानीय पुलिस के सदस्य, होमगार्ड, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने बुधवार रात करीब 10 बजे तलाश अभियान स्थगित कर दिया था। 

निचार तहसील के निगुलसारी क्षेत्र के चौरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पांच पर बुधवार दोपहर को भूस्खलन के बाद पहाड़ से गिरे पत्थरों की चपेट में हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस आ गई थी, जो रिकांग पियो से शिमला होते हुए हरिद्वार जा रही थी। बुधवार को 10 लोगों के शव मिले थे तथा 13 घायलों को बचा लिया गया था, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारी ने बुधवार को बताया था कि एक टाटा सूमो मिली है, जिसमें आठ लोग मृत पाए गए हैं। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत