1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अस्पताल के सीईओ, 4 डाक्टरों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

अस्पताल के सीईओ, 4 डाक्टरों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 13, 2016 11:39 pm IST,  Updated : Aug 13, 2016 11:39 pm IST

मुम्बई की एक स्थानीय अदालत ने एल एच हिरानंदानी अस्पताल के सीईओ और चार डाक्टरों को कथित किडनी प्रतिरोपण रैकेट के सिलसिले में 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

doctor- India TV Hindi
doctor

मुम्बई: मुम्बई की एक स्थानीय अदालत ने एल एच हिरानंदानी अस्पताल के सीईओ और चार डाक्टरों को कथित किडनी प्रतिरोपण रैकेट के सिलसिले में 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बांद्रा में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने अस्पताल के सीईओ सुजीत चटर्जी, चिकित्सा निदेशक अनुराग नाइक, मुकेश शेतये, मुकेश साहा और प्रकाश सातवे को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इन्हें बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।

पांच डाक्टरों ने अदालत में जमानत की याचिका दायर की है जिस पर मंगलवार को सुनवाई होनी है। यह घोटाला उस समय सामने आया जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि 14 जुलाई को अस्पताल में होने वाले किडनी प्रत्यारोपण आपरेशन में किडनी देने वाले और किडनी लेने वाले के बीच कोई संबन्ध नहीं है। यही वजह है कि ब्रजकिशोर जायसवाल का आपरेशन अंतिम क्षणों में रोक दिया गया क्योंकि पुलिस ने पता लगाया कि उन्हें जो महिला किडनी दे रही थी वह उनकी पत्नी नहीं थी हालांकि कागजों में उसे जायसवाल की पत्नी दिखाया गया था। पुलिस का कहना है कि कागजों में उस महिला को जायसवाल की पत्नी दिखाया गया था, जबकि महिला धन के लालच में अपनी किडनी दे रही थी। इस घोटाले के सामने आने के बाद से पांच डाक्टरों, किडनी दाताओं, प्राप्तकर्ताओं और एजेंटों सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत