1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कहीं बारिश और तूफान का अलर्ट तो कहीं बर्फबारी का अनुमान, जानिए अगले कुछ दिनों के मौसम का हाल

कहीं बारिश और तूफान का अलर्ट तो कहीं बर्फबारी का अनुमान, जानिए अगले कुछ दिनों के मौसम का हाल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 16, 2021 07:59 am IST,  Updated : Feb 16, 2021 08:44 am IST

देश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहनेवाला है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश और तूफान को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है वहीं हिमाचल प्रदेश में 21 फरवरी को बर्फबारी की आशंका जताई गई है।

कहीं बारिश और तूफान का अलर्ट तो कहीं बर्फबारी का अनुमान, जानिए अगले कुछ दिनों के मौसम का हाल- India TV Hindi
कहीं बारिश और तूफान का अलर्ट तो कहीं बर्फबारी का अनुमान, जानिए अगले कुछ दिनों के मौसम का हाल Image Source : INDIA TV

मुंबई: देश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहनेवाला है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश और तूफान को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है वहीं हिमाचल प्रदेश में 21 फरवरी को बर्फबारी की आशंका जताई गई है। 

येलो अलर्ट जारी 

महाराष्ट्र की बात करें तो राज्य के कई इलाकों में तूफान और बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक तीन दिन यानी 16,17 और 18 फरवरी को राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है। IMD से प्राप्त जानकारी के मुताबिक महाराष्‍ट्र के हिंगोली, नांदेड़, कोल्‍हापुर, सांगली, सतारा, परभणी, अकोला, अमरावती, बुलढाणा, भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरोली, नागपुर, वाशिम, वर्धा, यवतमाल में गरज के साथ हल्‍की से तेज बारिश होने की आशंका है। वहीं मौसम विभाग ने 16 फरवरी के लिए हिंगोली और नांदेड़ जिले में बारिश और तूफान के संबंध में येलो अलर्ट जारी किया है। 

पढ़ें: 40 दिनों से नहीं किया शव का अंतिम संस्कार, परिजनों ने प्रशासन के सामने रखी ये खास शर्त

मौसम विभाग ने 17 और 18 फरवरी को परभणी, कोल्‍हापुर, सतारा, सांगली और सोलापुर जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पुणे, बीड, जालना, औरंगाबाद, अहमदनगर, धुले और जलगांव में 18 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश  21 फरवरी को बर्फबारी की संभावना 
हिमाचल प्रदेश में  21 फरवरी को बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। शिमला स्थित मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि 21 फरवरी को राज्य के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। सिंह ने कहा कि आदिवासी जिला लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ हिमाचल प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। उन्होंने बताया कि कल्पा का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सिंह ने बताया कि मनाली, कुफरी और डलहौजी में न्यूनतम तापमान क्रमशः 1.8, 6.2 और 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि शिमला में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान ऊना में 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

पढ़ें:  रेलवे ने जारी की नई सूचना, स्पेशल ट्रेन के स्टॉपेज में हुआ बदलाव, जानिए पूरी खबर

पश्चिमी उप्र में  घना कोहरा 
पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के अलग-अलग स्‍थानों पर घने कोहरे का प्रभाव देखा गया। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य की राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस जबकि प्रयागराज का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान मुजफ़्फरनगर में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 16 फरवरी और 17 फरवरी को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर सुबह के समय मौसम शुष्क रहने और कोहरे की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत