1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सेना ने पाकिस्तान से मारे गए घुसपैठियों के शव ले जाने को कहा

सेना ने पाकिस्तान से मारे गए घुसपैठियों के शव ले जाने को कहा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 22, 2018 11:55 pm IST,  Updated : Oct 22, 2018 11:55 pm IST

सेना ने पाकिस्तान को उसकी धरती पर सक्रिय आतंकवादियों पर लगाम लगाने की चेतावनी दी है। जम्मू में रविवार को सुंदरबनी सेक्टर में दो सशस्त्र पाकिस्तानी घुसपैठियों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सेना ने यह बयान दिया है।

सेना ने पाकिस्तान से मारे गए घुसपैठियों के शव ले जाने को कहा- India TV Hindi
सेना ने पाकिस्तान से मारे गए घुसपैठियों के शव ले जाने को कहा

नयी दिल्ली: सेना ने पाकिस्तान को उसकी धरती पर सक्रिय आतंकवादियों पर लगाम लगाने की चेतावनी दी है। जम्मू में रविवार को सुंदरबनी सेक्टर में दो सशस्त्र पाकिस्तानी घुसपैठियों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सेना ने यह बयान दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि थल सेना ने पाकिस्तानी सेना से कहा है कि वह रविवार को जम्मू के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास हुई मुठभेड़ में मारे गए दो ‘‘घुसपैठियों’’ के शव ले जाए। घुसपैठिए लड़ाकू पोशाक पहने हुए थे और माना जाता है कि ये बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) के सदस्य थे।

नियंत्रण रेखा के पास थल सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की जिसके बाद हुई मुठभेड़ में रविवार को दो हथियारबंद पाकिस्तानी घुसपैठिए मारे गए थे और तीन सैनिक शहीद हो गए थे।सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना को स्थापित संवाद माध्यमों से सूचित किया गया है कि वह युद्धक वर्दी पहने अपने नागरिकों के शव लेकर जाए। थल सेना के सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना को सख्त चेतावनी दी गई है कि वह अपनी सरजमीं से काम कर रहे आतंकवादियों पर लगाम लगाए। रविवार को मुठभेड़ की यह घटना दोपहर करीब 1:20 बजे हुई थी।

सूत्रों ने बताया कि पांच-छह पाकिस्तानी घुसपैठिए एलओसी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हो गए और सुंदरबनी सेक्टर में भारतीय सेना के एक गश्ती दल पर फायरिंग करने लगे। उन्होंने कहा कि बीते 29 मई को दोनों देशों के महानिदेशक सैन्य अभियान (डीजीएमओ) के बीच हुई बातचीत के बाद से भारतीय थल सेना एलओसी के पास संघर्षविराम समझौते पर अमल की खातिर पूरा संयम बरत रही है जबकि सीमा पार से नियमित तौर पर उकसाने वाले कदम उठाए जा रहे हैं। पाकिस्तानी सेना एलओसी के पार आतंकवादियों को भेजने की कोशिशें लगातार करती रही है। 30 मई से लेकर अब तक भारतीय थल सेना घुसपैठ की सात कोशिशें नाकाम कर चुकी है, जिसमें 23 आतंकवादी मारे गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत