1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस साल घुसपैठ की 33 कोशिशें हुईं: सरकार

भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस साल घुसपैठ की 33 कोशिशें हुईं: सरकार

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 09, 2021 07:21 pm IST,  Updated : Aug 09, 2021 07:21 pm IST

केंद्र सरकार ने सोमवार को बताया कि वर्ष 2021 के शुरुआती छह महीनों में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ के 33 प्रयास हुए और इस दौरान 11 घुसपैठियों को मार दिया गया जबकि 20 को पकड़ लिया गया। 

 भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस वर्ष घुसपैठ के 33 प्रयास हुए: सरकार- India TV Hindi
 भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस वर्ष घुसपैठ के 33 प्रयास हुए: सरकार Image Source : FILE

नयी दिल्ली: केंद्र सरकार ने सोमवार को बताया कि वर्ष 2021 के शुरुआती छह महीनों में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ के 33 प्रयास हुए और इस दौरान 11 घुसपैठियों को मार दिया गया जबकि 20 को पकड़ लिया गया। राज्यसभा में एक लिखित जवाब में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2021 में 30 जून तक भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ के 33 प्रयास हुए, जिसमें 11 को मार दिया गया जबकि 20 को पकड़ लिया गया।’’

उन्होंने कहा कि इसी अवधि के दौरान भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमापर घुसपैठ के 441 प्रयास हुए जिसमें जिसमें एक को मार गिराया गया जबकि 740 को पकड़ लिया गया। भट्ट ने बताया कि इनके अतिरिक्त भारत-नेपाल सीमा पर 11 अवैध घुसपैठियों को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि भारत-चीन सीमा पर घुसपैठ की कोई घटना नहीं हुई है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एक फरवरी को म्यांमार में हुए सैन्य संघर्ष के बाद म्यांमार के 8486 नागरिक या शरणार्थी भारत में प्रवेश कर गए थे। इनमें से 5796 को वापस भेज दिया गया जबकि 2690 अभी भी भारत में हैं। भट्ट ने कहा कि घुसपैठ में पकड़े गए लोगों को उनके देशों की पुलिस के हवाले कर दिया जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत