1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'आयरन लेडी' इरोम शर्मिला ने अपने मित्र ब्रिटिश नागरिक डेसमंड से रचाई शादी

'आयरन लेडी' इरोम शर्मिला ने अपने मित्र ब्रिटिश नागरिक डेसमंड से रचाई शादी

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 17, 2017 03:46 pm IST,  Updated : Aug 17, 2017 03:49 pm IST

मणिपुर की नागरिक अधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला ने लंबे समय से अपने मित्र रहे ब्रिटिश नागरिक डेसमंड कुटिन्हो से आज सुबह यहां सब-रजिस्ट्रार के कार्यालय में विशेष विवाह अधिनियम के तहत विवाह कर लिया।

irom sharmila- India TV Hindi
irom sharmila

कोडईकनाल (तमिलनाडु): मणिपुर की नागरिक अधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला ने लंबे समय से अपने मित्र रहे ब्रिटिश नागरिक डेसमंड कुटिन्हो से आज सुबह यहां सब-रजिस्ट्रार के कार्यालय में विशेष विवाह अधिनियम के तहत विवाह कर लिया।

सब-रजिस्ट्रार राधाकृष्णन की उपस्थिति में विवाह सम्पन्न हुआ, कुटिन्हो ने शर्मिला को अंगूठी पहनायी। यह एक बेहद सादा समारोह था और इस दौरान वहां दूल्हा-दुल्हन के परिवार के सदस्य मौजूद नहीं थे। इससे पहले युगल ने हिंदू विवाह अधिनियम के तहत विवाह किया था। अंतर-धार्मिक विवाह होने के कारण सब-रजिस्ट्रार ने उन्हें विशेष विवाह अधिनियम के तहत विवाह पंजीकरण कराने के लिये कहा था।

शर्मिला ने संवाददाताओं को बताया कि कोडईकनाल एक शांतिपूर्ण स्थान है और शांति के लिये उनकी तलाश यहां आकर खत्म हो गयी। सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि वह कोडईकनाल पर्वतीय क्षेत्र में आदिवासियों के कल्याण के लिये अपनी आवाज उठाएंगी। विवाह को लेकर वी महेंद्रन नामक एक स्थानीय कार्यकर्ता ने आपत्तिजतायी थी। उसने दलील दी कि दंपति के पर्वतीय क्षेत्र में रहने से इलाके के आदिवासियों को कानूनी एवं अन्य तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

बहरहाल, सब-रजिस्ट्रार ने इस आपत्ति को खारिज करते हुए कुटिन्हो के साथ शर्मिला के विवाह का रास्ता साफ कर दिया। दंपति ने विशेष विवाह अधिनियम के तहत विवाह पंजीकरण के लिये 12 जुलाई को अपना आवेदन जमा किया था और किसी को आपत्ति होने की स्थिति में सब रजिस्ट्रार ने 30 दिन के अंदर इस पर आपत्तियां मंगायी थी। बहरहाल, शर्मिला-कुटिन्हो के विवाह के समर्थन में पलानी मलाई पुलैयां एवं पालियार समेत इलाके के आदिवासियों के एक समूह ने सब रजिस्ट्रार को एक ज्ञापन सौंपा था।

मणिपुर विधानसभा चुनावों में अपनी हार के बाद शर्मिला ने कुटिन्हो के साथ पर्वतीय शहर का रुख किया। विधानसभा चुनाव में शर्मिला की पार्टी पीपुल्स रीसर्जेंस एंड जस्टिस अलायंस बुरी तरह से हार गयी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत