श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से परेशान आतंकियों ने सेना के एक कैंप पर हमला कर दिया। आतंकियों के इस हमले में सेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि एक अन्य घायल हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के त्राल इलाके में गुरुवार को आतंकवादियों की ओर से स्नाइपर राइफल से किए गए हमले में सेना का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। आपको बता दें कि पिछले एक हफ्ते में यह इस तरह का दूसरा हमला है।
Related Stories
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने लूरागाम स्थित 42 आर आर शिविर में रात लगभग 9 बजे यह हमला किया। इस हमले में सिपाही नगमसिआमलियाना शहीद हो गए। वह गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे। अधिकारियों ने बताया कि उनके सिर पर गोली लगी। हमले में एक अन्य जवान थाक धोनी घायल हो गया। पिछले 4 दिन में यह ऐसा दूसरा हमला है जब सुरक्षा संस्थानों पर हमले के लिए आतंकवादियों ने स्नाइपर राइफल का इस्तेमाल किया है।
इससे पहले 21 अक्टूबर को आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के शिविर पर हमला किया था जिसमें एसएसबी का एक जवान शहीद हो गया था। वहीं, गुरुवार को सुरक्षाबलों ने भी आतंकियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में गुरुवार को कुल 6 आतंकी मारे गए। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए। इन 6 आतंकियों में 2 बारामुला में जबकि 4 अन्य अनंतनाग में ढेर किए गए।