1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हाईकोर्ट की पहली महिला जज लीला सेठ का निधन

हाईकोर्ट की पहली महिला जज लीला सेठ का निधन

 Written By: Bhasha
 Published : May 06, 2017 10:53 pm IST,  Updated : May 06, 2017 10:53 pm IST

देश के किसी उच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश और प्रसिद्ध लेखक विक्रम सेठ की मां न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) लीला सेठ का निधन हो गया।

Leila seth- India TV Hindi
Leila seth Image Source : PTI

नयी दिल्ली: देश के किसी उच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश और प्रसिद्ध लेखक विक्रम सेठ की मां न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) लीला सेठ का निधन हो गया। वह 86 साल थीं और कल रात दिल का दौरा पड़ने से नोएडा स्थित निवास पर उनका निधन हुआ। 

उनके बेटे शांतुम सेठ ने बताया, 'कल रात करीब दस बजकर 28 मिनट पर दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। मेरे भाई विक्रम, बहन और हमारे परिवार के दूसरे सदस्य यहां हैं।' शांतुम ने कहा, 'करीब तीन हफ्ते पहले वह गिर गयी थीं और उनकी कूल्हे की हड्डी टूट गयी थी। अपोलो अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया था और एक हफ्ते पहले ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। हमने पीसीआर को फोन किया, एंबुलेंस आयी लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 

लीला सेठ ने कानून के क्षेत्र में कई इतिहास रचे थे। वह लंदन बार परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाली पहली महिला थीं, दिल्ली उच्च न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश थीं और साथ ही किसी उच्च न्यायालय (हिमाचल प्रदेश) की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश थीं। 

वह 16 दिसंबर के सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद 2012 में गठित की गयी न्यायमूर्ति वर्मा समिति के तीन सदस्यों में भी शामिल थीं। 'ए सूटेबल ब्यॉय' उपन्यास के रचनाकार की मां लीला खुद एक लेखिका थीं और उनकी आत्मकथा ऑन बैलेंस एक बेस्टसेलर रही है। उन्होंने 2014 में प्रकाशित हुई किताब टॉकिंग ऑफ जस्टिस: पीपुल्स राइट्स इन मॉडर्न इंडिया भी लिखी है जिसमें उन्होंने 50 साल से ज्यादा लंबे अपने कानूनी करियर में अपने सामने आए महत्वपूर्ण मुद्दों की बात की है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत