1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक में बैन होगा ऑनलाइन जुआ, मंत्रिमंडल ने लिया निर्णय

कर्नाटक में बैन होगा ऑनलाइन जुआ, मंत्रिमंडल ने लिया निर्णय

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 04, 2021 07:07 pm IST,  Updated : Sep 04, 2021 07:07 pm IST

कर्नाटक मंत्रिमंडल ने ऑनलाइन जुए या सट्टेबाजी पर प्रतिबंध लगाने का शनिवार को फैसला किया। हालांकि, लॉटरी और घुड़दौड़ पर रोक नहीं लगाई गई है।

कर्नाटक में बैन होगा ऑनलाइन जुआ, मंत्रिमंडल ने लिया निर्णय- India TV Hindi
कर्नाटक में बैन होगा ऑनलाइन जुआ, मंत्रिमंडल ने लिया निर्णय Image Source : PIXABAY

बेंगलुरु: कर्नाटक मंत्रिमंडल ने ऑनलाइन जुए या सट्टेबाजी पर प्रतिबंध लगाने का शनिवार को फैसला किया। हालांकि, लॉटरी और घुड़दौड़ पर रोक नहीं लगाई गई है। राज्य के कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री जे सी मधुस्वामी ने कहा, ‘‘हम उच्च न्यायालय के निर्देशों के आधार पर, ऑनलाइन जुए को समाप्त करने के उद्देश्य से कर्नाटक पुलिस अधिनियम में संशोधन कर रहे हैं। मंत्रिमंडल ने संशोधनों को मंजूरी दे दी है, इसे विधानसभा के समक्ष रखा जाएगा।’’

यहां मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सरकार ने ऑनलाइन जुए पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मसौदा विधेयक ऑनलाइन गेम को परिभाषित करता है, जिसमें सभी प्रकार के दांव लगाने या सट्टेबाजी शामिल हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसमें लॉटरी और राज्य के भीतर या बाहर किसी भी रेस कोर्स पर की गई घुड़दौड़ पर दांव लगाना या सट्टा लगाना शामिल नहीं है।

इस आशय का संशोधन विधेयक 13 सितंबर से शुरू हो रहे विधानमंडल के आगामी सत्र में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने जुलाई में सभी तरह की ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए पर प्रतिबंध लगाने के अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई की थी। इस दौरान राज्य सरकार ने न्यायालय को बताया था कि उसने एक विधेयक का मसौदा तैयार किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत