1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. डेरा चीफ राम रहीम के सहयोगियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

डेरा चीफ राम रहीम के सहयोगियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 01, 2017 05:39 pm IST,  Updated : Sep 01, 2017 05:39 pm IST

हरियाणा पुलिस ने डेरा चीफ गुरमीत राम रहीम सिंह के दो करीबी सहयोगियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। डेरा चीफ को अपनी दो पूर्व शिष्याओं के दुष्कर्म मामले में 20 साल कैद की सजा हुई है।

Gurmeet Ram Rahim, Hanipreet- India TV Hindi
Gurmeet Ram Rahim, Hanipreet Image Source : PTI

चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस ने डेरा चीफ गुरमीत राम रहीम सिंह के दो करीबी सहयोगियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। डेरा चीफ को अपनी दो पूर्व शिष्याओं के दुष्कर्म मामले में 20 साल कैद की सजा हुई है। ये लुकआउट नोटिस राम रहीम की गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत कौर और डेरा के प्रवक्ता आदित्य इन्सां के लिए जारी किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने उन्हें देश छोड़कर फरार होने से रोकने के लिए नोटिस जारी किया है।

डेरा चीफ को हेलीकॉप्टर से पंचकूला से रोहतक ले जाने तक हनीप्रीत सिंह उनके साथ थी। इसके बाद डेरा प्रमुख को रोहतक के पास सुनारिया जेल में रखा गया था। हनीप्रीत को 25 अगस्त की शाम रोहतक के जाने के बाद से नहीं देखा गया है। वहीं, आदित्य इन्सां पर चार अन्य लोगों के साथ देशद्रोह, हिंसा भड़काने के मामले में मामला दर्ज किया गया है। 

हरियाणा के महानिरीक्षक के.के.राव ने मीडियाकर्मियों को बताया कि डेरा प्रमुख को दोषी ठहराए जाने की स्थिति में डेरे के शीर्ष लोगों द्वारा 25 अगस्त को पंचकूला की अदालत परिसर से राम रहीम को भगाने के लिए साजिश रची गई थी। लेकिन अदालत परिसर में हरियाणा पुलिस और अर्धसैनिक बलों की त्वरित कार्रवाई से यह साजिश विफल रही।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत