1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री के तौर पर मंत्रिमंडल की पहली बैठक की

उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री के तौर पर मंत्रिमंडल की पहली बैठक की

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 28, 2019 09:55 pm IST,  Updated : Nov 28, 2019 11:23 pm IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार शाम पद की शपथ लेने के बाद सहयाद्री गेस्ट हाउस में अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की।

Uddhav- India TV Hindi
उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री के तौर पर मंत्रिमंडल की पहली बैठक की Image Source : TWITTER

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार शाम पद की शपथ लेने के बाद सहयाद्री गेस्ट हाउस में अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की। शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे और सुभाष देसाई, कांग्रेस के मंत्री बालासाहेब थोराट और नितिन राउत और राकांपा के मंत्री छगन भुजबल और जयंत पाटिल दक्षिण मुंबई में बैठक के आयोजन स्थल पर आते हुए नजर आए। उद्धव ठाकरे तीनों दलों के ‘महाराष्ट्र विकास आघाड़ी’ सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 

बैठक के बाद की प्रेस वार्ता

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य के किसानों के लिए ठोस कदम उठायेगी और ऐसा माहौल बनाने का प्रयास करेगी कि कोई भी भयभीत महसूस नहीं करे। कुछ घंटे पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले ठाकरे ने दक्षिण मुंबई के सहयाद्री गेस्ट हाउस में कैबिनेट की पहली बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने कहा कि कैबिनेट के पहले फैसले में छत्रपति शिवाजी महाराज की राजधानी रायगढ़ किले के पुनरूद्धार के लिए 20 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित करने पर सहमति बनी है। बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यदि हम वास्तविकता जानेंगे तो हम अच्छा काम कर सकते हैं। हमने जानकारी मांगी है। किसानों को सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला। हम किसानों की ठोस मदद करना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम राज्य में ऐसा माहौल सुनिश्चित करना चाहते हैं जहां कोई भी आतंकित महसूस नहीं करेगा।”

महाराष्ट्र के छह पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समारोह में उनके छह पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। राकांपा प्रमुख शरद पवार, शिवसेना नेता मनोहर जोशी, कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे, अशोक चव्हाण और पृथ्वीराज चव्हाण तथा भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ऐसे छह पूर्व मुख्यमंत्री हैं, जो बृहस्पतिवार शाम ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मौजूद थे।

ठाकरे के पहले देवेंद्र फडणवीस (2014-2019) मुख्यमंत्री थे। पवार चार बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे जबकि अशोक चव्हाण और फडणवीस दो-दो बार मुख्यमंत्री रहे। जोशी, शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण एक एक बार मुख्यमंत्री रहे।

ठाकरे परिवार से उद्धव पहले मुख्यमंत्री हैं। शिवसेना, राकांपा, कांग्रेस ने इस बार सरकार बनायी है। शिवसेना का भाजपा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन था लेकिन मुख्यमंत्री पद को लेकर सहमति नहीं बन पाने के बाद दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए । राज्य में 21 अक्टूबर को चुनाव हुआ था और परिणाम की घोषणा 24 अक्टूबर को की गयी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत