नई दिल्ली: दिल्ली में एक बार फिर से हिट एंड रन केस का मामला सामने आया है। 10 जनवरी को दोपहर में करीब डेढ़ बजे मौरिस नगर इलाके में एक लाल रंग की बीएमडब्लू कार सवार डीयू के छात्र ने एक 50 साल के शख्स को बुरी तरह हिट किया और मौके से फरार हो गया। कार की टक्कर से शिवनाथ नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
Related Stories
कार खालसा कॉलेज से किरोड़ीमल कालेज की तरह जा रही थी. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी की 50 साल का शख्स कई फीट हवा में उछल गया. इसके बाद आरोपी छात्र शख्स की मदद करना तो दूर मौके से भाग निकला।
मौके से पुलिस को कुछ चश्मदीदों के बयान, गाड़ी के कुछ टुकड़े और सबूत के तौर पर सबसे अहम जानकारी वहां लगे सीसीटीवी के फुटेज से मिली। सीसीटीवी कैमरों में सारी घटना कैद हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को पकड़ लिया और बीएमडब्लू कार को बरामद कर लिया. मृतक की पहचान शिवनाथ के तौर पर हुई है, जो घटना के वक्त पैदल सड़क पार कर रहा था. चूंकि मामला जमानती धाराओं में दर्ज हुआ था इसलिए आरोपी को जमानत मिल गई. लेकिन यह कोई पहला मामला नहीं है जब रफ्तार के कहर ने किसी की जान ले ली।