प्रतापगढ़ (उप्र)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के थाना लालगंज कोतवाली पुलिस में एक महिला अधिकारी ने शाहजहांपुर के एक आदमी के खिलाफ उसके साथ कथित दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुये बताया कि आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
Related Stories
थाना प्रभारी और पुलिस निरीक्षक राम आधार ने बताया कि लालगंज तहसील में तैनात एक महिला अधिकारी ने बीते दो जनवरी को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शाहजहांपुर जिले के बसंतपुर निवासी गुरविंदर सिंह कोचिंग के दौरान उनके साथ मारपीट एवं छेडछाड़ करता था और इस दौरान उसने अधिकारी का आपत्तिजनक वीडियो का फोटो तैयार कर कोचिंग में उसे दिखाया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उसकी नौकरी बरेली के एक बैंक में लग गयी और जब वह वह जब बरेली में रहती थी तो आरोपी वहां पहुंच कर उसके साथ जबरदस्ती करता था। अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान पीसीएस परीक्षा पास करने के बाद उसे 2017 में प्रतापगढ़ में तैनाती मिली।
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि महिला अधिकारी के अनुसार आरोपी यहां भी आफ़िसर्स कॉलोनी पहुंच कर उसे परेशान करता था। गत 18 दिसंबर 2020 को गुरविंदर सिंह अपने दो साथियों के साथ आफिसर्स कॉलोनी आया और जोर जबरदस्ती का प्रयास किया। बाद में शोर मचाने के बाद वह सब भाग निकले। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्यवाही की जा रही है।