1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड में तेंदुए ने विक्षिप्त युवक की जान ली, खून और घसीटने के निशान का पीछा करने पर मिली लाश

उत्तराखंड में तेंदुए ने विक्षिप्त युवक की जान ली, खून और घसीटने के निशान का पीछा करने पर मिली लाश

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 30, 2020 07:29 pm IST,  Updated : Aug 30, 2020 07:29 pm IST

उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार सुबह एक आदमखोर तेंदुए ने विक्षिप्त युवक को अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बारे में पता चलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

Man Killed By Leopard, Man Killed By Leopard In Tehri, Tehri Man Killed By Leopard, Leopard In Tehri- India TV Hindi
उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार सुबह एक आदमखोर तेंदुए ने विक्षिप्त युवक को अपना निवाला बना लिया। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार सुबह एक आदमखोर तेंदुए ने विक्षिप्त युवक को अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बारे में पता चलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टिहरी जिले के देवप्रयाग नगर क्षेत्र में डाक बंगला मोटर मार्ग पर यह घटना हुई। युवक का शव झाड़ियों में बीच पड़ा हुआ मिला। देवप्रयाग क्षेत्र में पिछले एक महीने से तेंदुए की दहशत बनी हुई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने घटना स्थल पर पहुंचकर पिंजरा लगाने के साथ ही विभागीय शूटर जॉय हुकिल को तैनात कर दिया है।

झाड़ियों में मिला अधखाया शव

दिल दहला देने वाली इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए देवप्रयाग के पुलिस थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे पास के मकान में रहने वाले पंकज ने सड़क पर खून, चप्पल और कपड़े बिखरे देखकर पुलिस व आसपास के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद खोजबीन शुरू हुई तो खून व घसीटने के निशानों का पीछा किया गया। करीब 20 मीटर ऊपर झाड़ियों में युवक का अधखाया शव मिला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा।

लोगों में भड़का भारी गुस्सा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आक्रोशित लोग नरभक्षी तेंदुए को तत्काल मारे जाने के लिए क्षेत्र में शिकारी तैनात करने के बाद ही शव उठाने पर अड़े रहे। लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए बाद में वन विभाग ने मौके पर पिंजरा लगवाया। मणिकनाथ वन रेंज के रेंजर देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि तेंदुए को मारने के लिए शूटर जॉय हुकिल को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ऋषिकेश एम्स भिजवा दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत