बेंगलुरु। कर्नाटक के चामराजनगर जिले के गुंडलूपेट में शुक्रवार को तड़के खुद को गोली मारने से पहले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी गर्भवती पत्नी, बेटे और माता-पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने जानकारी दी कि पूरा परिवार एक रिसॉर्ट में छुट्टी मनाने गया था।
Related Stories
पुलिस ने कहा कि हो सकता है व्यापार में भारी घाटे के बाद उसके ऊपर हुए कर्ज की वजह से उसने यह चरम कदम उठाया हो। चामराजपेट के पुलिस अधीक्षक एच डी आनंद कुमार ने पीटीआई को बताया, ‘‘परिवार के मुखिया ओमप्रकाश ने अपने मुंह में गोली मारने से पहले उन सभी के सिर में गोली मारी। इस घटना में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इसमें उन सभी लोगों की आपसी सहमति थी क्योंकि किसी के भी विरोध करने का कोई संकेत नहीं मिला है। मामले की जांच चल रही है।’’
कुमार ने बताया कि ओम प्रकाश भट्टाचार्य (38), उसकी पत्नी निकिता (30), बेटे आर्य कृष्ण (4), उसके माता-पिता नागराज भट्टाचार्य (65) और हेमा (60) एक रिसॉर्ट के पास एक खेत में मृत पाए गए। वे उसी रिसॉर्ट में रह रहे थे।