हैदराबाद: देश के तमाम हिस्सों से पैदल अपने घरों की तरफ निकले प्रवासी मजदूरों के साथ दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रही हैं। कभी मजदूर ट्रेन की चपेट में आकर दम तोड़ रहे हैं तो कभी उन्हें सड़क पर गाड़ियां कुचलकर आगे बढ़ जा रही हैं। एक और दुखद खबर तेलंगाना से आई है जिसमें संक्रमण को काबू करने के लिए लागू लॉकडाउन के कारण हैदराबाद से अपने गृह राज्य ओडिशा पैदल जा रहे एक प्रवासी मजदूर की 300 किलोमीटर चलने के बाद भद्राचलम में संभवत: लू लगने से मौत हो गई।
Related Stories
हैदराबाद से निकला था मजदूरों का ग्रुप
अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रवासी मजदूरों का एक ग्रुप ओडिशा के मलकानगिरी जाने के लिए रविवार को हैदराबाद से पैदल निकला था। उन्होंने बताया कि जब समूह मंगलवार को भद्राचलम पहुंचा, तो इस 21 वर्षीय प्रवासी मजदूर के सीने में दर्द हुआ और उसने उलटी की, जिसके बाद वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके मित्रों ने पुलिस को इस बारे में सूचित किया, जिसने उसे भद्राचलम के अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कई घंटों से मजदूरों ने नहीं खाया था खाना
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि व्यक्ति की मौत संभवत: लू लगने से हुई, क्योंकि उसकी त्वचा और मुंह सूखा हुआ था। उन्होंने व्यक्ति के मित्रों के हवाले से बताया कि उनमें से किसी भी व्यक्ति ने सोमवार दोपहर के बाद से कुछ भी नहीं खाया था। अधिकारियों ने व्यक्ति के परिजन को उसकी मौत की सूचना दी और शव को मलकानगिरी ले जाने के लिए एक वाहन का प्रबंध किया। हैदराबाद और भद्राचलम के बीच सड़क से दूरी 310 किलोमीटर है।