1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मोदी सरकार का क्रिसमस गिफ्ट, 'कैशलेस बनो और इनाम जीतो'

मोदी सरकार का क्रिसमस गिफ्ट, 'कैशलेस बनो और इनाम जीतो'

 Written By: IANS
 Published : Dec 25, 2016 05:29 pm IST,  Updated : Dec 25, 2016 05:29 pm IST

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिसमस के दिन रेडियो पर अपने 'मन की बात' की और सांता क्लॉज बनकर देश को दो योजनाओं- डिजिधन व्यापार योजना और लकी ग्राहक योजना का उपहार दिया। कैशलेस

pm modi- India TV Hindi
pm modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिसमस के दिन रेडियो पर अपने 'मन की बात' की और सांता क्लॉज बनकर देश को दो योजनाओं- डिजिधन व्यापार योजना और लकी ग्राहक योजना का उपहार दिया। कैशलेस अर्थव्यवस्था बनाने के लिए डिजिटल लेनदेन और बैंकिंग बढ़ावा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि रविवार से अगले 100 दिनों तक ई-भुगतान करने वालों को दैनिक लकी ड्रॉ में शामिल किया जाएगा। करीब 15,000 लोगों को 1000 रुपये नकद इनाम दिए जाएंगे।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

मोदी ने कहा कि इसके अलावा साप्ताहिक ड्रॉ के तहत एक बड़ा ड्रॉ निकाला जाएगा, जिसमें इनाम की राशि लाखों में होगी। मोदी ने कहा, "क्रिसमस के दिन देशवासियों को दो तरह के उपहार मिले हैं। पहला डिजिधन व्यापार योजना और दूसरा लकी ग्राहक योजना। यह 100 दिनों तक चलेगी। और इस तरह लाखों लोगों को करोड़ों रुपये जीतने का मौका मिलेगा।" उनकी घोषणा के मुताबिक, ऑनलाइन भुगतान करने के साथ कैशलेस होने वाले व्यापारियों को आयकर में छूट मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा, "हम 14 अप्रैल, 2017 को अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक बंपर ड्रॉ का आयोजन करेंगे, जिसके तहत इनामी राशि करोड़ों रुपयों में होगी।"

मोदी ने 8 नवंबर से लागू नोटबंदी का बचाव किया और कहा कि लोगों को हुई परेशानियों के दर्द को उन्होंने महसूस किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, "लोग दर्द से गुजर रहे हैं। किसने इस दर्द को महसूस नहीं किया, मैंने इस दर्द को लोगों से ज्यादा महसूस किया है।" मोदी ने नोटबंदी का उद्देश्य भ्रष्टाचार और कालेधन को रोकना बताया है, लेकिन उनके इस कदम की देश में विपक्ष और विदेश में प्रसिद्ध अर्थशास्त्रियों ने आलोचना की है। उनका कहना है कि नोटबंदी से फायदा कम, नुकसान ज्यादा होगा।

मोदी के इस फैसले से भारतभर में आर्थिक उथल-पुथल के साथ ही लोगों को नई मुद्रा हासिल करने और पुराने नोटों को जमा करने के लिए डेढ़ महीने से मजबूरन बैंकों और एटीएम के बाहर घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। नकदी की कमी के कारण ज्यादातर बैंकों और एटीएम बूथों में 'कैश आउट' लिखा मिलता है। दिल्ली में किसी-किसी एटीएम बूथ पर सर्द रात में कतार लगी देखी जा रही है। किस एटीएम से कब नोट निकलेंगे, किसी को पता नहीं रहता। संयोगवश अगर निकलता भी है तो 2000 रुपये का एक नोट, जिसका छुट्टा कराने में पसीना छूट जाता है।

नोटबंदी के छह हफ्ते बाद भी लोग अपना दैनिक खर्च पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक अब 500 और 2,000 रुपये के लिए पर्याप्त नए नोट की आपूर्ति करने में सक्षम हो गया है, फिर भी बैंकों और एटीएम में नगदी की कमी बनी हुई है। मोदी ने रेडियो वार्ता में विरोधियों पर निशाना साधा और 'अफवाहों' के प्रति सचेत रहने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "मैं लोगों को केवल दर्द सहने के लिए ही नहीं, बल्कि उन लोगों को उचित जवाब देने के लिए भी बधाई देता हूं जिन्होंने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की।"

मोदी ने कहा कि उन्हें नोटबंदी पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। उन्हें लोगों से तीन प्रकार के सुझाव मिले हैं। उन्होंने कहा, "कुछ लोगों ने नागरिकों के सामने आ रही समस्याओं, असुविधाओं के बारे में लिखा। कुछ लोगों ने इसे राष्ट्र के हित में अच्छे काम के रूप में चिन्हित किया। उन्होंने हालांकि कुछ हिस्सों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के नए तरीके अपनाए जाने का भी जिक्र किया।" मोदी ने कहा, "लोगों की तीसरी श्रेणी ने नोटबंदी के कदम का समर्थन किया। इसके अलावा उन्होंने कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ युद्ध जारी रखने का आग्रह किया।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत