1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नवाज से बोले PM मोदी, 'अब तो यहां आना-जाना लगा रहेगा'

नवाज से बोले PM मोदी, 'अब तो यहां आना-जाना लगा रहेगा'

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 27, 2015 09:44 am IST,  Updated : Dec 27, 2015 09:44 am IST

नरेंद्र मोदी ने अचानक लाहौर में रुकने के दौरान अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ से कहा, 'अब यहां आना जाना लगा रहेगा।'

modi and nawaz- India TV Hindi
modi and nawaz

लाहौर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को काबुल से स्वदेश लौटते समय अचानक लाहौर में रुकने के दौरान अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ से कहा, 'अब यहां आना जाना लगा रहेगा।' लाहौर में मोदी के दो घंटे के प्रवास के दौरान जब शरीफ ने उनसे अपने परिवार के सदस्यों का परिचय कराया तो मोदी ने सवाल किया, 'आपका सारा परिवार यहां रहता है?'

बातचीत से अवगत एक सूत्र ने बताया कि इस पर शरीफ ने जवाब दिया, 'हां, परिवार के करीब 70 से 80 सदस्य यहां रहते हैं।' उतार-चढ़ाव से भरे भारत-पाक संबंधों में एक नाटकीय पुट जोड़ते हुए मोदी ने काबुल से शुक्रवार को ट्वीट किया कि वह नवाज शरीफ को उनके 66वें जन्मदिन पर बधाई देने के लिए लाहौर जाएंगे। इस ट्वीट ने दुनिया को हतप्रभ कर दिया।

मोदी के लाहौर में विमान से उतरने के बाद दोनों नेता हेलीकॉप्टर से शरीफ के भव्य आवास जत्ती उमरा रायविंड गए जो शहर के बाहरी हिस्से में है। पहली बार दोनों देशों के इन दो नेताओं ने साथ-साथ यात्रा की।

सूत्र ने बताया, 'मोदी ने कहा कि अब तो यहां आना-जाना लगा रहेगा।' इस पर शरीफ ने कहा, 'क्यों नहीं, यह आपका ही घर है।' शरीफ ने अपनी मां का परिचय मोदी से कराया और मोदी ने झुककर उनके पांव छुए।

सूत्र ने आगे बताया कि शरीफ की नवासी मेहरून्निसा (मरियम नवाज शरीफ की पुत्री) का विवाह भी था। इस मौके पर मोदी ने शरीफ को साड़ियां तथा अन्य उपहार दिए। दोनों नेताओं ने करीब 80 मिनट एक साथ बिताए, जिस दौरान मोदी ने शरीफ के परिवार के सदस्यों से दुआ सलाम की।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरे और बातचीत का उद्देश्य पड़ोस में 'सकारात्मक भावना' का संचार करना था। 11 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली पाक यात्रा थी, जिसे दोनों देशों के ठंडे पड़े संबंधों में गर्मजोशी लाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत