1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मनी लांड्रिंग मामला: प्रवर्तन निदेशालय ने तीसरे दिन रॉबर्ट वाड्रा से 8 घंटे पूछताछ की

मनी लांड्रिंग मामला: प्रवर्तन निदेशालय ने तीसरे दिन रॉबर्ट वाड्रा से 8 घंटे पूछताछ की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 09, 2019 10:59 pm IST,  Updated : Feb 10, 2019 07:28 am IST

विदेशों में संपत्ति खरीदने में धन शोधन करने के आरोपों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा लगातार तीसरे दिन शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए।

Money laundering case: Robert Vadra grilled for 8 hours by ED on third consecutive day- India TV Hindi
Money laundering case: Robert Vadra grilled for 8 hours by ED on third consecutive day

नयी दिल्ली: विदेशों में संपत्ति खरीदने में धन शोधन करने के आरोपों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा लगातार तीसरे दिन शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई। वाड्रा अपने निजी वाहन से मध्य दिल्ली के जामनगर हाउस स्थित ईडी के कार्यालय में सुबह करीब 10.45 बजे पहुंचे और वह रात करीब सवा आठ बजे वहां से निकले। इस बीच, उन्हें दोपहर में आधे घंटे का भोजनावकाश भी दिया गया था। यह लगातार तीसरा दिन था जब कारोबारी (वाड्रा) जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए। बहरहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें फिर से आने को कहा गया है, या नहीं। 

छह और सात फरवरी को पूछताछ के दो सत्रों के बाद अधिकारियों ने कहा था कि जांच अधिकारी (आईओ) को मामले में वाड्रा से और भी सवाल पूछने थे और इसलिए उन्हें शनिवार को पेश होने के लिए कहा गया। इससे पहले उनसे छह और सात फरवरी को पूछताछ की गई थी। वाड्रा से बृहस्पतिवार को करीब साढ़े पांच घंटे और उसके अगले दिन करीब नौ घंटे पूछताछ की गई थी। सूत्रों ने बताया कि ताजा सत्र में वाड्रा से उनके निजी और कारोबारी वित्त के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की गई। 

समझा जाता है कि पिछली बार पूछताछ के दौरान वाड्रा का ‘‘सामना’’ उन दस्तावेजों से कराया गया, जो एजेंसी ने मामले की जांच के दौरान हासिल या जब्त किये थे। रक्षा सौदों के फरार डीलर संजय भंडारी से जुड़े दस्तावेज भी उनमें शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा था कि वाड्रा ने जांच अधिकारी के साथ दस्तावेज साझा किये और भरोसा दिलाया कि जब उन्हें और दस्तावेज प्राप्त होंगे तो उन्हें भी साझा किया जाएगा। ईडी का मामला लंदन में 12 ब्रायनस्टन स्क्वायर पर 19 लाख पाउंड (ब्रिटिश पाउंड) की संपत्ति की खरीद में कथित रूप से धनशोधन करने से संबंधित है। यह संपत्ति कथित तौर पर रॉबर्ट वाड्रा की है। 

जांच एजेंसी ने दिल्ली की एक अदालत से यह भी कहा था कि उसे लंदन में कई नयी संपत्तियों के बारे में सूचना मिली है, जो वाड्रा की है। उनमें 50 और 40 लाख ब्रिटिश पाउंड के दो मकान तथा छह अन्य फ्लैट और अन्य संपत्तियां हैं। वाड्रा ने अवैध विदेशी संपत्ति के आरोपों से इनकार किया है और आरोप लगाया कि राजनीतिक हित साधने के लिये उन्हें ‘‘परेशान’’ किया जा रहा है। हाल ही में कांग्रेस महासचिव नियुक्त की गई वाड्रा की पत्नी प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को उनके साथ ईडी कार्यालय तक गयी गयी थीं, जबकि बृहस्पतिवार को वह पूछताछ के बाद उनके साथ घर लौटी। बीकानेर के एक कथित भूमि घोटाले से संबंधित धन शोधन के मामले में वाड्रा को जयपुर में 12 फरवरी को ईडी के समक्ष भी पेश होना है। राजस्थान उच्च न्यायालय ने उन्हें मामले में एजेंसी के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत