नई दिल्ली: इंडो-जापान बिजनेस समिट में PM नरेंद्र मोदी और शिंजो अबे ने भारत और जापान के उद्योगपतियों को संबोधित किया। PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि, भारत को केवल हाई स्पीड ट्रेन ही नहीं, बल्कि हाई स्पीड ग्रोथ भी चाहिए। दूसरी तरफ, जापान के पीएम शिंजो अबे ने इस मौके पर कहा कि, मजबूत भारत जापान के लिए अच्छा है और मजबूत जापान भारत के लिए अच्छा है। उन्होंने कहा, नीतियों को लागू करने के लिए गति बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने कहा कि, बुलेट ट्रेन जैसी है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां लागू करने की गति। वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्री वाराणसी जाएंगे, जहां दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में होंगे शामिल।
दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स के साथ मीटिंग में नरेंद्र मोदी ने कहा कि, मेक इन इंडिया का मूवमेंट जापान में भी हिट हो चुका है। उन्होंने कहा कि, पहली बार जापान भारत से मारूति सुजुकी कारें आयात (इंपोर्ट) करेगा।
गंगा आरती में हिस्सा लेंगे दोनों PM
3 दिन के भारत दौरे पर आए जापान के पीएम शिंजो आबे आज पीएम नरेंद्र मोदी के साथ वाराणसी जाएंगे। नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शिंजो आबे दशाश्वमेघ घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे। PM मोदी और शिंजो आबे के स्वागत की ज़ोरदार तैयारियां की गई हैं। साथ ही शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उम्मीद है कि वाराणसी के लिए कुछ घोषणाएं भी हो सकती हैं।