नई दिल्ली: एकदिवसीय दौरे पर महाराष्ट्र आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के भव्य स्मारक और मुंबई एवं पुणे में मेट्रो रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
PM मोदी पूर्वाह्न 11:30 बजे महानगर पहुंचे और निकटवर्ती रायगढ़ जिले के एमआईडीसी पातालगंगा रवाना हुए जहां वह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मैनेजमेंट के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन किया।
PM मोदी के भाषण की खास बातें:
- देशहित में कठिन फैसले करने से परहेज नहीं करूंगा, नोटबंदी से थोड़े समय के लिए कठिनाइयां होंगी लेकिन इसके दीर्घकालिक फायदे हैं।
- सरकार ठोस और कारगर आर्थिक नीतियों को आगे बढ़ाना जारी रखेगी और अल्पकालिक राजनीतिक फायदे के लिए कोई निर्णय नहीं करेगी।
- 3 वर्षो से भी कम समय में सरकार ने अर्थव्यवस्था में बदलाव लाने का काम किया है, राजकोषीय घाटे को कम किया है और विदेशी मुद्रा का भंडार बढ़ा है, साथ ही मुद्रास्फीति कम हुई है।
- बहुप्रतिक्षित जीएसटी जल्द ही वास्तविकता बनेगी और आज प्रत्यक्ष विदेशी निवेश रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है।
- स्टॉक मार्केट को सार्थक उद्देश्यों के लिए पूंजी जुटाना चाहिए, बांड मार्केट को दीर्घकालिक आधारभूत ढांचे के वित्तपोषण का माध्यम बनना चाहिए।
- वैश्विक अर्थव्यवस्था में गिरावट का समय है, विश्व में सर्वोच्च वृद्धि के अनुमान के साथ भारत को एक प्रकाशपुंज की तरह देखा जा रहा है।