नई दिल्ली: अनुपम खेर पर प्रसिद्ध अभिनेता नसीरूद्दीन शाह के परोक्ष हमले को लेकर आज खेर और फिल्म जगत की कुछ दूसरी हस्तियों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। शाह ने खेर की तरफ इशारा करते हुए कल कहा था, वह इंसान जो कभी कश्मीर में नहीं रहा, उसने कश्मीरी पंडितों की लड़ाई शुरू की है। अचानक से वह एक विस्थापित व्यक्ति बन गए।
खेर ने ट्विटर पर लिखा, ‘शाह साहब की जय हो। इस हिसाब से तो अप्रवासी भारतीयों को भारत के बारे में बिल्कुल ही नहीं सोचना चाहिए।’ अभिनेता ने बाद में कहा कि उन्होंने विषय पर शाह से बात की और शाह ने इस तरह का बयान देने से इनकार किया।
शाह से जब उनकी टिप्पणियों को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा, मैं कुछ नहीं कहना चाहता। मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता। यह गलत तरीके से पेश किया गया। फिल्मकार मधुर भंडारकर ने ट्विटर पर लिखा, कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा को लेकर लड़ने के लिए आपको कश्मीरी होने की जरूरत नहीं है। हर भारतीय को उनके साथ हुई बर्बरता की निंदा करनी चाहिए और उनके पुनर्वास का समर्थन करना चाहिए।
भंडारकर के ट्वीट का समर्थन करते हुए फिल्मकार अशोक पंडित ने जवाब में लिखा, सही कहा सर। जैसे कि नसीरूद्दीन शाह खुद मेरठ के रहने वाले हैं लेकिन उन्होंने गुजरात दंगों को लेकर आवाज उठायी थी।