नई दिल्ली: एनआईटी के छात्रों के समूह ने श्रीनगर से परिसर किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग करते हुए दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। इस मुद्दे पर श्रीनगर स्थित परिसर में स्थानीय और बाहरी छात्रों के बीच संघर्ष हुआ था। जम्मू में कल विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्र आज जंतर मंतर पर एकत्र हुए और अपनी मांगों को उठाया। उन्होंने मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी से भी मुलाकात की।
विरोध प्रदर्शन करने वाले एक छात्र ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय हमारी मांगों पर ध्यान दे और एनआईटी परिसर को श्रीनगर से किसी दूसरे जगह स्थानांतरित करे। इसके साथ ही छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर जवाबदेही तय की जाए।’
एक अन्य छात्र ने कहा कि हमने अपनी मांग एचआरडी अधिकारियों के समक्ष उठाया जो परिसर आये थे लेकिन उन्हें अस्वीकार कर दिया गया। हम चाहते हैं कि एनआईटी में गैर कश्मीरी छात्रों के खिलाफ दर्ज किए गए सभी मामले वापस लिये जाएं और सभी को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए।
गौरतलब है कि टी-20 मैच के दौरान वेस्टइंडीज के हाथों भारत की पराजय के बाद कुछ स्थानीय छात्रों द्वारा खुशी प्रकट किये जाने और पटाखे फोड़े जाने का बाहर के छात्रों ने विरोध किया और इसके कारण संघर्ष हुआ।