नई दिल्ली: सम विषम योजना के आगामी चरण में 200 मेट्रो ट्रेनें प्रतिदिन करीब 3248 फेरे लगाएंगी जो वर्तमान व्यवस्था से करीब 56 फेरे अधिक हैं। इसके साथ 15 अतिरिक्त फीडर बसें सेवा में होंगी और तीन नए मार्गों पर भी सेवा शुरू की गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने आज कहा कि इन बसों की दूरी को छह से बारह किलोमीटर तक बढ़ाया गया है ताकि उनका उपयोग अधिकतम दूरी तक किया जा सके। डीएमआरसी 15 से 30 अप्रैल तक इस योजना के दौरान संचालन के लिए अधिकतम ट्रेनों को सेवा में लगा रही है और केवल आवश्यक रखरखाव का काम किया जाएगा।
कंपनी के पास 220 ट्रेनों का बेड़ा है। इस योजना के पहले चरण के दौरान प्रतिदिन फेरों की संख्या 3192 और सेवारत ट्रेनें 197 थीं। इन उपायों को बाद में स्थायी बनाया गया था। हालांकि एक से 15 जनवरी तक योजना के पहले चरण के दौरान यात्रियों की संख्या में कोई खास बढोत्तरी दर्ज नहीं हुई थी। मेट्रो प्रणाली का प्रतिदिन करीब 27 लाख यात्री फायदा उठाते हैं। मेट्रो अधिकारी अतिरिक्त टिकट संचालकों, गार्ड और ग्राहक सुविधा एजेंटों को भी तैनात करेंगे।
डीएमआरसी के प्रवक्ता ने कहा, 80 टिकट संचालकों की प्रतिदिन तैनाती होगी जबकि यात्रियों की मदद एवं मार्गदर्शन के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त सीआईएसएफ, गार्ड और ग्राहक सुविधा एजेंटों की तैनाती की जाएगी।