1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. फर्जी अकाउंट बनाकर विदेशी कर रहे थे बड़ा खेल, 2 गिरफ्तार

फर्जी अकाउंट बनाकर विदेशी कर रहे थे बड़ा खेल, 2 गिरफ्तार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Oct 17, 2015 07:09 pm IST,  Updated : Oct 17, 2015 07:09 pm IST

मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच ने शादी के नाम पर करोड़ो की ठगी करने वाले नाइजीरियाई गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच ने दो विदेशी नायजरियन को गिरफ्तार किया है जो शादी डॉट कॉम जैसी सोशल

फर्जी अकाउंट बनाकर...- India TV Hindi
फर्जी अकाउंट बनाकर विदेशी कर रहे थे ठगी

मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच ने शादी के नाम पर करोड़ो की ठगी करने वाले नाइजीरियाई गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच ने दो विदेशी नायजरियन को गिरफ्तार किया है जो शादी डॉट कॉम जैसी सोशल साइट्स पर महिलाओं को लूटने का काम करते थे। ये इतनी खूबसूरत तस्वीरें अपने अकाउंट पर डालते थे कि हाईप्रोफाइल लड़कियां इन तस्वीरों को देख इन पर फ़िदा हो जाती थी। लड़कियां इन नायजीरियन्स पर इस खेल में कुछ इस कदर फंसती हैं कि निकलना नामुमकिन हो जाता था।

मुबई क्राईम ब्रांच को इस नाईजीरियन गिरोह की भनक तब लगी जब एक मल्टीनेशनल कम्पनी में वाईस प्रेसिडेन्ट के पद पर काम कर रही एक महिला ने क्राईम ब्रांच को जानकारी दी कि किस तरह उसके साथ ठगी की वारदात को अंजाम देते हुए 1  करोड 1 लाख 32 हजार रूपए का चूना लगाया गया है।

क्या है पूरा मामला

पीड़ित महिला के मुताबिक उसने एक वैवाहिक वेबसाइट पर शादी का विज्ञापन दिया था। कुछ दिनों बाद उस महिला के पास शादी का प्रस्ताव आया, जिसमें लड़के ने बताया कि उसका परिवार भारत का है और वे अब ब्रिटेन में शिफ्ट हो गए हैं। लड़के ने अपनी आर्थिक हैसियत इस तरह बताई कि महिला उसके ट्रैप में आ गई। फिर दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर एक्सचेंज किए। कोई शक न हो, इसलिए लड़के ने लड़की को ब्रिटेन का नंबर दिया, हालांकि वह भारत में ही अपने पूरे गैंग के साथ रह रहा था।

धीरे-धीरे दोनों के बीच चैटिंग होने लगी और दोनों ने एक दूसरे से शादी करने का फैसला कर लिया। तय हुआ कि लड़का जल्द ही इसके लिए ब्रिटेन से मुंबई आएगा। पीड़ित महिला ने पूछताछ में बताया कि इन सब के बीच एक दिन लड़के ने उससे चैटिंग के दौरान बताया कि उसकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और उसके पिता कैंसर की सस्ती दवाओं की खोज के लिए इंटरनेट पर रोज सर्च करते हैं। फिर एक दिन लड़के ने महिला को फोन किया कि वह कैंसर की दवा के लिए दिल्ली आया हुआ है उसे एक साथ ढ़ेर सारी दवा लेनी हैं और रुपये कम पड़ रहे हैं, इसलिए महिला 20 लाख रुपये उसे ऑनलाइन अकाउंट में भेज दे। तब महिला ने फौरन रकम लड़के के अकाउंट में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद धीरे-धीरे शातिर तरिके से उन्होंने महिला से 1 करोड़ से ज्यादा रूपए ऐंठ लिए, तब महिला को अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो रही है।

उसी के बाद हुई छानबीन में नाइजीरियन ठगों के इस रैकेट का भंडाफोड़ हुआ, जिसमें चार्ल्स ओझोलवारुपुआक और आयफेन्सी नाम के दो नाइजीरियाई युवक पकड़े गए।

ऐसे देते थे ठगी को अंजाम

लोगों को भरमाने के लिए कि वह विदेश में है, गिरोह के लोग ब्रिटेन के सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। जब उनका भांडा फूटा तो पता चला कि मालाड में मालवणी के एक छोटे से कमरे में बैठकर वह पूरी साजिश को अंजाम दे रहे थे। क्राइम ब्रांच यूनिट ने अब तक 2 नाइजीरियाई ठगों को गिरफ्तार किया है और करीब 8 लोगों की तलाश जारी है। उनके पास से 10 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड, 6 डाटा कार्ड और 4 लैपटॉप मिले हैं। मुंबई में इस तरह की ठगी की वारदातें बढ़ रही हैं इसलिए पुलिस अब शादी से जुड़ी वेबसाइटों और बैंकों को पत्र लिखकर ऐसे ठगों पर नजर रखने और शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दे रही है। साथ ही पुलिस ने युवतियों से भी सोशल साइट्स पर दोस्ती करने में सावधानी बरतने की अपील की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत