राजकोट: पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पास) ने धमकी दी है कि यदि उसके सदस्यों को अपनी मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपने की अनुमति नहीं दी गई तो वह कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गुजरात यात्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। मोदी जामनगर जिले में ध्रोल तालुका में सौराष्ट्र नर्मदा अवतरण सिंचाई योजना (सौनी) का उद्घाटन करने वाले हैं।
राजकोट पास के संयोजक बृजेश पटेल ने कहा कि वे चाहते हैं कि आरक्षण के लिए पिछले साल आंदोलन के दौरान पटेलों पर किए गए अत्याचारों पर प्रधानमंत्री अपनी चुप्पी तोड़ें और स्पष्टीकरण दें।
हार्दिक पटेल के करीबी बृजेश ने कहा, यदि हमें अधिकारियों द्वारा उनसे :प्रधानमंत्री: मिलने और उन्हें ज्ञापन देने की अनुमति दे दी जाती है तो हम कार्यक्रम में बाधा नहीं डालना चाहेंगे। यदि हमें अनुमति देने से मना किया जाता है तो पास के सदस्य कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
पास अपने ज्ञापन के जरिये कई मांगें उठाना चाहता है जिसमें सरकारी नौकरियों और शिक्षा में ओबीसी कोटा के तहत पाटीदार समुदाय को आरक्षण देने की प्रमुख मांग शामिल है।