1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत-फ्रांस में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के 16 समझौतों पर हस्ताक्षर

भारत-फ्रांस में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के 16 समझौतों पर हस्ताक्षर

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 24, 2016 06:06 pm IST,  Updated : Jan 24, 2016 10:14 pm IST

भारत फ्रांस बिजनेस समिट पर पीएम मोदी ने कहा कि फ्रांस के साथ जो विश्वास पनपा है वो आने वाली पीढ़ी के लिए काम आएगा।

pm modi- India TV Hindi
pm modi Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारत-फ्रांस ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के 16 करार किए जिसमें फ्रांस की कंपनी एयरबस और भारत की ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा के बीच करार हुआ है कि दोनों मिलकर भारत में हेलीकॉप्टर बनाएंगे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच स्मार्ट सिटी, शहरी परिवहन, परमाणु ऊर्जा और रिन्यूएबल एनर्जी को लेकर भी समझौते हुए हैं।

गौरतलब है कि फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद तीन दिन के दौरे पर भारत पहुंचे है। चंडीगढ़ के रॉक गार्डन में प्रधानमंत्री मोदी ने ओलांद की अगवानी की। फ्रांस्वा ओलांद 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर चीफ गेस्ट शामिल होने वाले हैं।

मोदी मेजबान, ओलांद मेहमान

पीएम मोदी और ओलांद की ये मुलाकात बहुत खास है। ये सैर बहुत शाही है मेजबान हैं प्रधानमंत्री मोदी और मेहमान हैं फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद। और जगह थी चंडीगढ़ का ऐतिहासिक रॉक गार्डन। इसी रॉक गार्डन में प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी गर्मजोशी के साथ ओलांद को गले लगाकर खुशामदीद कहा। दोनों नेता हिंदुस्तान और फ्रांस के झंडों के सामने खड़े होकर साथ साथ मुस्कुराए और इसके बाद मेजबान का फर्ज निभाते हुए पीएम मोदी ओलांद को रॉक गार्डन की खूबियां दिखाने निकल पड़े। वो रॉक गार्डन जिसे बनाने में औद्योगिक और शहरी कचरे का इस्तेमाल किया गया है जहां की मूर्तियां, झरने और झूले देखकर सैलानी हैरत में पड़ जाते हैं।

भारत और फ्रांस मिलकर पूरी दुनिया को सुरक्षा दे सकते हैं: PM मोदी

भारत फ्रांस बिजनेस समिट पर पीएम मोदी ने कहा कि फ्रांस के साथ जो विश्वास पनपा है वो आने वाली पीढ़ी के लिए काम आएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर पूरी दुनिया को सुरक्षा दे सकते हैं। बिजनेस समिट में फ्रांस की बड़ी कंपनियों के सीईओ की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा कि हम दुनिया को साझा प्रयासों से आतंकवाद से मुक्ति दिलाने के साथ साथ सुरक्षा के संसाधनों को कम दाम पर उपलब्ध कराने का काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मानव जाति के सामने आतंकवाद एक बड़ी चुनौती है और फ्रांस ने इस मसले पर पूरी दुनिया को एक रास्ता दिखाया है कि तमाम मुश्किलों के बीच अपने लक्ष्य से नहीं भटकना।

आतंक के खिलाफ साझा जंग का एलान

दरअसल ओलांद 26 जनवरी को भारत के गणतंत्र दिवस के जश्न में चीफ गेस्ट के तौर पर शरीक होने वाले हैं। यानी अगले तीन दिन तक वो हिंदुस्तान के मेहमान होंगे। रॉक गार्डन के बाद मोदी ने अपने मेहमान को चंडीगढ़ की कुछ और खास जगहों की सैर कराई, जिसके बाद दोनों इंडिया-फ्रांस सीईओ फोरम में पहुंचे। बिजनेस के माहौल में बात दहशतगर्दी की चली तो मोदी ने ओलांद की खुलकर तारीफ की क्योंकि ये वही ओलांद हैं जो मौजूदा दौर के सबसे खतरनाक आतंकी संगठन ISIS के साथ आर-पार की जंग छेड़ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत