1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरूआत

प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरूआत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 28, 2019 01:47 pm IST,  Updated : Aug 28, 2019 01:47 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 29 अगस्त को लोगों को सेहतमंद रहने की मुहीम ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरूआत करेंगे जिसका मुख्य लक्ष्य लोगों को फिट रहने के लिए जागरूक बनाना है।

प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरूआत- India TV Hindi
प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरूआत

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 29 अगस्त को लोगों को सेहतमंद रहने की मुहीम ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की शुरूआत करेंगे जिसका मुख्य लक्ष्य लोगों को फिट रहने के लिए जागरूक बनाना है। भारत में हर साल 29 अगस्त खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है जो हॉकी के जादूगर ध्यानचंद का जन्मदिन भी है। 

फिट इंडिया अभियान में उद्योग जगत, फिल्मी जगत, खेल जगत के अलावा अन्य अनेक हस्तियां शामिल होंगी। इस अभियान पर भारत सरकार के खेल मंत्रालय के अलावा, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, पंचायती राज मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय जैसे मंत्रालय आपसी तालमेल से काम करेंगे। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में ‘मन की बात’ संबोधन में कहा था कि आप सभी को याद होगा कि 29 अगस्त को ‘राष्ट्र खेल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर हम देश भर में ‘फिट इंडिया आंदोलन’ करने वाले हैं। उन्होंने कहा था कि खुद को तंदरूस्त रखना है। देश को फिट बनाना है। हर एक के लिए बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिला सब के लिए ये बड़ा रोचक अभियान होगा और ये आपका अपना होगा। 

मोदी ने कहा था, ‘‘मैं खुद उस दिन विस्तार से विषय पर बात करूंगा और आपको जोड़े बिना रहने वाला नहीं हूँ। क्योंकि आपको मैं फिट देखना चाहता हूँ। आपको तंदरूस्त रहने के लिए जागरूक बनाना चाहता हूँ और फिट इंडिया के लिए देश के लिए हम मिल करके कुछ लक्ष्य भी निर्धारित करें।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत