दावणगेरे (कर्नाटक): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कर्नाटक में गरीब परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन मुहैया कराने के लिए उज्ज्वला योजना लांच की और कहा कि पिछले एक वर्ष में तीन करोड़ से अधिक परिवारों ने रसोई गैस कनेक्शन छोड़े हैं। मोदी ने बेंगलुरू से 260 किलोमीटर दूर कर्नाटक के इस टैक्सटाइल शहर में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा, "इस योजना के तहत हम देशभर में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की पांच करोड़ महिलाओं को बगैर सिक्युरिटी डिपॉजिट के रसोई गैस कनेक्शन मुहैया कराएंगे।"
उन्होंने कहा, "पिछले एक साल में हमारी सरकार ने तीन करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन मुहैया कराया है।" मोदी ने जोर देकर कहा कि इस योजना से महिलाओं की सेहत सुधरेगी, क्योंकि उन्हें भोजन पकाने में लकड़ी के चूल्हे से निकलने वाले धुओं से मुक्ति मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि अध्ययनों से पता चला है कि ये धुएं लगभग 400 सिगरेट जलाने से निकलने वाले धुएं के बराबर हैं। मोदी ने कहा, "गैस पर खाना बनाना न सिर्फ सस्ता है और महिलाओं की सेहत के लिए लाभकारी है, बल्कि हमें जंगल की लकड़ी संरक्षित करने में भी हमारी मदद करता है। ग्रामीण इलाकों में अभी भी भोजन पकाने में लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है।"
मोदी ने अभी तक रसोई गैस सब्सिडी छोड़ने वाले देश भर के 1.13 करोड़ उपभोक्ताओं के प्रति आदर जाहिर करते हुए कहा कि लोगों की सोच में एक चमत्कारिक बदलाव आया है, जो इसके लिए उनके द्वारा की गई अपील पर आई व्यापक प्रतिक्रिया से स्पष्ट है। उन्होंने कहा, "यहां तक कि मध्य वर्ग के लोग भी रसोई गैस सिलिंडर पर सब्सिडी छोड़ रहे हैं। उनका यह कदम गरीब परिवारों की महिलाओं को सब्सिडी वाला रसोई गैस कनेक्शन मुहैया कराने में सरकार की मदद कर रहा है।"
मोदी ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को देश के एक बड़े हिस्सों में व्याप्त सूखे के हालात से मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने कहा, "मैंने प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की है। हम सिंचाई और जल संरक्षण सुविधाओं पर ध्यान दे रहे हैं। केंद्र और राज्य सूखे के हालात से निपटने के लिए मिलकर काम करेंगे।"
भाजपा नेतृत्व वाली राजग सरकार के दो वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित विकास पर्व रैली में मोदी ने जनता के कल्याण के लिए शुरू की गईं विभिन्न परियोजनाओं को गिनाया, खासतौर से गरीबों, वंचितों और आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए शुरू की गई योजनाओं को। मोदी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार की लोकप्रिय जन धन योजना, स्वच्छ भारत अभियान और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ ने किस तरह देश के लाखों लोगों को लाभ पहुंचाया है।