1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी 9 फरवरी को त्रिपुरा में रैली को करेंगे संबोधित, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी 9 फरवरी को त्रिपुरा में रैली को करेंगे संबोधित, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 07, 2019 03:47 pm IST,  Updated : Feb 07, 2019 03:47 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के दौरे पर नौ फरवरी को यहां एक रैली को संबोधित करेंगे और एक रेलवे लाइन तथा त्रिपुरा प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर में नए ब्लॉक समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

PM Narendra Modi- India TV Hindi
PM Narendra Modi

अगरतला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के दौरे पर नौ फरवरी को यहां एक रैली को संबोधित करेंगे और एक रेलवे लाइन तथा त्रिपुरा प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर में नए ब्लॉक समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय में सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 23 किलोमीटर तक फैली नई रेलवे लाइन गरजी को दक्षिण त्रिपुरा जिले के बेलोनिया से जोड़ेगी। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री का यहां त्रिपुरा के भूतपूर्व शासक महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य की प्रतिमा का अनावरण करने का भी कार्यक्रम है।

उन्होंने बताया कि महानिरीक्षक राजीव सिंह, पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक अजीत प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) शंकर देबनाथ के उच्च स्तरीय दल ने सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेने के लिए बुधवार को यहां हवाईअड्डे और रैली आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। देबनाथ ने कहा, ‘‘विशेष सुरक्षा समूह का एक दल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए मंगलवार को अगरतला में पहुंचा।

इसके अलावा बड़ी संख्या में त्रिपुरा राज्य राइफल्स के कर्मी और पुलिस अधिकारी मोदी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अगरतला में तैनात किए जाएंगे।’’ भाजपा प्रवक्ता नाबेंदु भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री दोपहर करीब तीन बजे त्रिपुरा पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य के अंतिम शासक महाराजा की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मोदी जनसभा को संबोधित करने के लिए स्वामी विवेकानंद मैदान जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत