1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. स्वर्ण अक्षरों से लिखी कुरान के लूट मामले में सरगना गिरफ्तार, कुरान बरामद

स्वर्ण अक्षरों से लिखी कुरान के लूट मामले में सरगना गिरफ्तार, कुरान बरामद

 Published : Jan 30, 2020 11:07 pm IST,  Updated : Jan 30, 2020 11:07 pm IST

मुगल काल में स्वर्ण अक्षरों से लिखी गई बेशकीमती कुरान को खरीदने के बहाने लूटने वाले गैंग के एक सरगना को गुरूवार को शहर की माणकचौक थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Quran - India TV Hindi
Quran 

जयपुर: मुगल काल में स्वर्ण अक्षरों से लिखी गई बेशकीमती कुरान को खरीदने के बहाने लूटने वाले गैंग के एक सरगना को गुरूवार को शहर की माणकचौक थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने कुरान को लूटने की वारदात भीलवाड़ा में की थी। इसके बाद इस गैंग ने बांग्लादेश के किसी धनी व्यक्ति से कुरान का सौदा 16 करोड़ रूपए में तय कर लिया था। लेकिन सौदा पूरा होने से पहले ही पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया था।

डीसीपी (नार्थ) डॉ. राजीव पचार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बनवारी मीणा जमवारामगढ़ के राहोरी गांव का रहनेवाला है। इसके कब्जे से लूटी गई 1014 पेज की कुरान बरामद कर ली गई है। आरोपी बनवारी की डकैती, चोरी व धोखाधड़ी जैसे मामलों में पुलिस को तलाश थी। इससे पहले इस गैंग के तीन बदमाश पुलिस गिरफ्त में आ चुके है।

भीलवाड़ा में इस बेशकीमती कुरान को पिछले वर्ष अक्टूबर-नवंबर महीने में लूटा गया था। यह गिरोह लूटी गई कुरान को बांग्लादेश में 16 करोड़ रूपए में बेचने की फिराक में था। शुरुआती जांच से पता चला कि कुरान के मालिक से गिरोह के सदस्यों ने सौदा कर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे बिना पैसा दिये कुरान लेकर फरार हो गये। उन्होंने बताया कि लूटी गई कुरान के संबंध में भीलवाड़ा के योगेन्द्र सिंह मेहता ने मामला दर्ज करवाया था। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत