1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दी प्लेन क्रैश मृतकों को श्रद्धांजलि

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दी प्लेन क्रैश मृतकों को श्रद्धांजलि

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 23, 2015 10:38 am IST,  Updated : Dec 23, 2015 10:38 am IST

दिल्ली में मंगलवार को विमान हादसे में शहीद हुए BSF के जवानों को आज सफदरजंग एयरपोर्ट पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने श्रद्धांजलि दी।

bsf- India TV Hindi
bsf

नई दिल्ली: दिल्ली में मंगलवार को विमान हादसे में शहीद हुए BSF के जवानों को आज सफदरजंग एयरपोर्ट पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने श्रद्धांजलि दी। BSF के जवानों के शव श्रद्धांजलि देने के बाद परिवार वालों को सौंपे जाएंगे। BSF का सुपरकिंग विमान 10 जवानों को लेकर दिल्ली से रांची जा रहा था।

विमान रनवे 28 से टेक ऑफ कर रहा था, तभी दीवार से टकरा गया। इसके बाद प्लेन में आग लग गई और उसके टुकड़े-टुकड़े हो गए। विमान में सवार 10 लोगों में एक चालक, एसआईबी में सेकेंड-इन-कमांड रैंक अधिकारी, सह चालक, डिप्टी कमांडेंट, 6 टकनीशियन, एक इंजीनियर और चालक दल का एक सदस्य शामिल था।

बीएसएफ महानिदेशक डी.के. पाठक ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को 15-15 लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है। पाठक ने मीडिया से कहा, "सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि के अतिरिक्त 15 लाख रुपये बीएसएफ के आंतरिक कोष से दिए जाएंग।"

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि विमान इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे की चारदीवारी पार करते समय थोड़ा डगमगाता-सा दिखा था।

दर्दनाक हादसे के साक्षी युवक ने संवाददाताओं को बताया, "इसने एक तरह से यू टर्न लिया और उसके बाद अचानक नीचे आ गिरा। इसके बाद आग की लपटों से घिर गया। हमने घना काला धुआं उठता देखा।"

घटनास्थल स्थल के करीब मौजूद रेलवे के एक कर्मचारी ने कहा कि उन्होंने व उनके सहयोगी ने विमान के जमीन पर गिरने के बाद भयंकर आग देखी। उन्होंने कहा, "चारों तरह आग ही आग थी, इसके अलावा कुछ नहीं दिख रहा था।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत