1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गृह मंत्री राजनाथ सिंह कल से कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर

गृह मंत्री राजनाथ सिंह कल से कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 23, 2016 04:42 pm IST,  Updated : Aug 23, 2016 04:42 pm IST

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह कल से कश्मीर घाटी की दो दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे। इस यात्रा के दौरान वह वहां की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वह समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ बातचीत भी कर सकते हैं।

rajnath singh- India TV Hindi
rajnath singh

नई दिल्लीं: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह कल से कश्मीर घाटी की दो दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे। इस यात्रा के दौरान वह वहां की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वह समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ बातचीत भी कर सकते हैं। उनका यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कश्मीर की स्थिति पर 'गहरी चिंता और दुख' व्यक्त करने के एक दिन बाद सामने आया है।

सुरक्षा बलों के साथ आठ जुलाई को हुई एक मुठभेड़ में हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद उत्पन्न अशांति के कारण घाटी में एक महीने में सिंह की यह दूसरी यात्रा है। जम्मू-कश्मीर में हिंसा की विभिन्न घटनाओं में दो पुलिसकर्मियों सहित 65 लोगों की मौत हो चुकी है और कई हजार अन्य लोग घायल हुए हैं।

गृह मंत्री ने कहा था कि केंद्र राज्य के साथ एक भावनात्मक रिश्ता चाहता है न कि सिर्फ जरूरत पर आधारित रिश्ता। राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में मदद करने की अपील करते हुए घाटी में लोगों तक पहुंचने के लिए उन्होंने कहा, 'जहां तक भारत सरकार की बात है, मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हम लोग केवल जरूरत के आधार पर संबंध नहीं चाहते हैं, बल्कि कश्मीर के साथ एक भावनात्मक रिश्ता बनाना चाहते हैं'।

कल, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में विपक्ष के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां की स्थिति पर अपनी 'गहरी चिंता और दुख' व्यक्त किया था और जम्मू-कश्मीर में समस्याओं का एक 'स्थायी और टिकाऊ' समाधान ढूंढने में राजनीतिक दलों से मिल कर काम करने की अपील की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत