नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर रघुराम राजन ने संकेत दिया है कि सितंबर में कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह इस पद पर नहीं बने रहना चाहते हैं। यह बात बुधवार को एक मीडिया रिपोर्ट में कही गई। एक प्रमुख समाचार पत्र के मुताबिक राजन ने केंद्र सरकार को कहा है कि कार्यकाल समाप्ति के बाद वह अमेरिका वापस चले जाएंगे। राजन के करीबी सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि एक अमेरिकी विश्वविद्यालय से जुड़ना चाहते हैं और भारतीय अर्थव्यवस्था पर शोध करना चाहते हैं।
रिपोर्ट में कुछ अन्य सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया है कि मोदी गवर्नर को दो साल का सेवा विस्तार देने के पक्ष में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वित्त मंत्री अरुण जेटली ने भी मोदी को सुझाव दिया है कि यदि राजन को बर्खास्त किया जाएगा, तो दुनियाभर में नकारात्मक संदेश जाएगा। अनेक उद्योगपतियों और दुनियाभर के थिंक टैंक ने भी राजन के प्रति समर्थन जताते हुए उन्हें सर्वोत्तम अर्थशास्त्री बताया है। उन्होंने कहा है कि राजन सुधार के पथ पर चल रहे हैं।