नई दिल्ली: उत्तर भारत के अधिकतर भागों में गुरुवार तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया जिसके कारण लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली जबकि कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई और मैदानी भागों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी का मौसम पिछले दिनों के मुकाबले गर्म रहा। अधिकतम तापमान इस मौसम में औसत से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम का सामान्य तापमान है।
गुलमर्ग और पहलगांव समेत कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी देखने को मिली जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से उपर देखने को मिला। अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में ठंड के साथ घना कोहरा देखने को मिला जिसके कारण उत्तर पश्चिमी रेलवे की कम से कम 15 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।