1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तेलंगाना में एक स्कूल में 12 अध्यापक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए

तेलंगाना में एक स्कूल में 12 अध्यापक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 15, 2021 10:44 pm IST,  Updated : Mar 15, 2021 10:44 pm IST

तेलंगाना के मंचिर्याल जिले में एक सरकारी स्कूल के 12 अध्यापक और दो अन्य सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल में एक अध्यापक के कोविड-19 से संक्रमित मिलने के बाद स्कूल के 55 लोगों की जांच की गई।

Telangana: 12 teachers of a school found positive for COVID-19- India TV Hindi
तेलंगाना के मंचिर्याल जिले में एक सरकारी स्कूल के 12 अध्यापक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE (PTI)

हैदराबाद: तेलंगाना के मंचिर्याल जिले में एक सरकारी स्कूल के 12 अध्यापक और दो अन्य सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल में एक अध्यापक के कोविड-19 से संक्रमित मिलने के बाद स्कूल के 55 लोगों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि 55 में से 14 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिनमें से 12 अध्यापक हैं जबकि एक खानसामा है और एक विद्यार्थी है। अधिकारी ने बताया कि सभी 14 मरीजों में संक्रमण का कोई लक्षण नहीं था और उन्हें घर में पृथक-वास में रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल को संक्रमण मुक्त करने का काम शुरू कर दिया गया है और संक्रमित पाए लोगों के संपर्क में आए लोगों की मंगलवार को जांच की जाएगी।

इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु में कोविड-19 के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है और 78.41 फीसदी नए मामले इन पांच राज्यों से हैं। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कुल 26,291 नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र में सर्वाधिक 16,620 नए मामले आए (रोजाना नए मामलों का 63.21 फीसदी)। केरल में 1792 जबकि पंजाब में 1492 नए मामले सामने आए हैं।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘आठ राज्यों में रोजाना नए मामलों की संख्या बढ़ रही है। ये राज्य हैं महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा।’’ इसने बताया कि केरल में पिछले एक महीने से मामलों की संख्या घट रही है। भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2,19,262 है, जो कुल संक्रमण का 1.93 फीसदी है। भारत में कुल उपचाराधीन मरीजों का 77 फीसदी मामला महाराष्ट्र, केरल और पंजाब से है। बहरहाल, भारत में टीका लगवाने वाले लोगों की संख्या अब करीब तीन करोड़ होने जा रही है। 

मंत्रालय ने बताया कि सोमवार सुबह सात बजे तक उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक 5,13,065 सत्र के माध्यम से 2,99,08,038 टीके की खुराक दी जा चुकी है। टीकाकरण अभियान के 58वें दिन (14 मार्च को) 1,40,880 खुराकें दी गईं। मंत्रालय ने बताया, ‘‘रविवार होने की वजह से कल अधिकतर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण सत्र आयोजित नहीं किया गया।’’ इसने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान 17,455 लोगों के ठीक होने के साथ ही देश में अब तक 1,10,07,352 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। साथ ही नए ठीक हुए मरीजों में से 84.10 फीसदी छह राज्यों से हैं। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत