नई दिल्ली: लोकसभा उपाध्यक्ष एम थंबीदुरै ने सरकार से आज मांग की कि चेन्नई सहित तमिलनाडु में आयी विनाशकारी बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए और उसके अनुरूप प्रदेश को सहायता दी जाए। थंबीदुरै ने अन्नाद्रमुक के सदस्य के रूप में यह मांग की। उन्होंने कहा कि यह सदन बाढ़ पर पहले ही चर्चा कर चुका है और पिछले दो दिन से देश में सूखे की स्थिति पर चर्चा कर रहा है। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान सभी इस बात से अवगत हो चुके हैं कि तमिलनाडु, खासकर चेन्नई ने बाढ़ की कितनी बड़ी तबाही का सामना किया है।
थंबीदुरै ने कहा कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता ने चेन्नई और तमिलनाडु में आयी बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के संदर्भ में प्रधानमंत्री को पहले ही चिट्ठी लिख चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए सरकार को तुरंत इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए क्योंकि ऐसा किए बिना राज्य को बाढ़ से हुई तबाही से निपटने के लिए केंद्र से पूर्ण सहायता नहीं मिल पाएगी।
उल्लेखनीय है कि जयललिता ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में उनसे तमिलनाडु में आयी बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने को कहा है। उन्होंने साथ ही प्रदेश के लोगों को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री को कई अन्य कदम उठाने का भी सुझाव दिया है जिनमें बीमा कंपनियों को नुकसान के दावों का सर्वे करने तथा उनके निपटान का निर्देश दिए जाने , बैंकों को नयी खरीद, शिक्षा रिण और पांच लाख रूपये तक के निजी रिण उदार दरों पर देने का निर्देश दिया जाना भी शामिल है।