1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. किसान आंदोलन: लाल किला हिंसा मामले में तीन और लोग गिरफ्तार, कुल संख्या 126 हुई

किसान आंदोलन: लाल किला हिंसा मामले में तीन और लोग गिरफ्तार, कुल संख्या 126 हुई

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 06, 2021 11:15 pm IST,  Updated : Feb 06, 2021 11:15 pm IST

दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर हुई हिंसा के आरोप में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में भड़की हिंसा के संबंध गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 126 हो गई है। 

किसान आंदोलन: लाल किला हिंसा मामले में तीन और लोग गिरफ्तार, कुल संख्या 126 हुई- India TV Hindi
किसान आंदोलन: लाल किला हिंसा मामले में तीन और लोग गिरफ्तार, कुल संख्या 126 हुई

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर हुई हिंसा के आरोप में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में भड़की हिंसा के संबंध गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 126 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह (32), हरजीत सिंह (48) और धर्मेंद्र सिंह (55) के रूप में हुई है। ये सभी दिल्ली के निवासी हैं। 

पुलिस ने बताया कि उन्हें उत्तरी दिल्ली की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बुधवार को हिरासत में लिया था। मामले की जांच कर रही अपराध शाखा ने उन्हें शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया। केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हजारों किसानों ने 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकाली थी। इस दौरान कई स्थानों पर उनकी पुलिस से झड़प हो गई थी। अनेक प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर लेकर मध्य दिल्ली पहुंच गए थे और लाल किले में घुस गए थे। 

कुछ प्रदर्शनकारियों ने लाल किले के गुंबदों और उस ध्वज-स्तंभ पर धार्मिक झंडा लगा दिया था जिसपर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसने 26 जनवरी की हिंसा में शामिल 70 से ज्यादा लोगों की तस्वीरें जारी की हैं और उनकी पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक कुल 126 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी चिन्मय बिस्वाल ने कहा, ‘‘हम लगातार उन वीडियो और फुटेज की जांच कर रहे हैं जो हमें हिंसा में शामिल लोगों की स्पष्ट तस्वीर प्राप्त करने के लिए मिली हैं। शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है।'' उन्होंने बताया कि किसानों के मुद्दे पर आपत्तिजनक वीडियो भारत के बाहर के स्थानों से अपलोड किए जा रहे हैं और उनकी भी पड़ताल की जा रही है। दिल्ली पुलिस का साइबर प्रकोष्ठ मामले की जांच कर रहा है। 

दिल्ली पुलिस की ‘साइबर प्रिवेंशन अवेयरनेस एंड डिटेक्शन' (सीवाईपीएडी) इकाई ने करीब सात-आठ नोटिस जारी किए हैं। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''हमने लगभग सात से आठ लोगों को नोटिस भेजे हैं। हालांकि, उनमें से केवल दो ने जवाब दिया है। उन्होंने जांच में शामिल होने के लिए कुछ समय मांगा है।'' प्रदर्शनकारियों को भड़काने के आरोप में बूटा सिंह, सुखदेव सिंह, जजबीर सिंह और इकबाल सिंह पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।