नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई देते हुए उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा कि हमें भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए समृद्धि, सामाजिक समानता और सम्मान का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कठिन मेहनत करने का संकल्प लेना होगा। उपराष्ट्रपति ने कहा, हम अपने उन स्वतंत्रता सेनानियों को सलाम करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं जिनके साहस और बलिदान से हमें 200 से अधिक साल की अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने एक अलग संदेश में कहा, यह राष्ट्र निर्माण के पवित्र काम और भाईचारा, सौहार्द एवं पारस्परिक विश्वास के मूल्यों के प्रति समर्पण के लिए अपना संकल्प दोहराने का दिन है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्ण संध्या पर अपने संदेश में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने लोगों को राष्ट्र की अथक सेवा के लिए खुद को समर्पित करने और एकता एवं राष्ट्रीय अखंडता के लिए अपना संकल्प दोहराने को कहा।
CISF के 22 कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस पर मेडल
देश के 70वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर सीआईएसएफ के 33 कर्मियों को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस मेडल दिये जाने की घोषणा की गई। मेडल प्राप्त करने वालों में उप महानिरीक्षक उदयन बनर्जी भी शामिल हैं जो इस बल में 1989 में शामिल हुए थे। बनर्जी अभी पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर इस्पात संयंत्र में कंटिजेंट कमांडर के तौर पर तैनात हैं। इससे पहले वे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और दिल्ली मेट्रो में काम कर चुके हैं।
इंडिया सिक्योरिटी प्रेस नासिक में तैनात डीआईजी अजय के नाग को भी यह सम्मान दिये जाने की घोषणा की गई। 23 अधिकारियों को उत्कृष्ठ सेवा मेडल और आठ को अग्नि सेवा मेडल दिये जाने की घाषणा की गई है।