बदायूं: चुनावी रंजिश को लेकर एक नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के पुत्र की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई जिससे गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार यादव ने बताया कि अलापुर थाना क्षेत्र के कटिया गांव में 13-14 दिसम्बर की रात करीब एक बजे क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील कुमार ने अपने तीन साथियों की मदद से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रामचरन के घर पर धावा बोल दिया और प्रधान के 35 वर्षीय बेटे वीरपाल को घेर कर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलायीं, जिससे उसकी मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। घटना को लेकर गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। मौके पर बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यादव ने बताया कि बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन की तहरीर पर सुनील तथा उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।