1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मौसम विभाग ने कहा, अगले 4 दिनों में उत्तर और मध्य भारत में होगी तेज बारिश

मौसम विभाग ने कहा, अगले 4 दिनों में उत्तर और मध्य भारत में होगी तेज बारिश

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 31, 2021 10:12 pm IST,  Updated : Jul 31, 2021 10:12 pm IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को कहा कि उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले 4 दिनों में तेज बारिश होगी।

Weather Forecast, Weather Forecast Delhi, Rain Uttar Pradesh, Rain Delhi- India TV Hindi
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को कहा कि उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले 4 दिनों में तेज बारिश होगी। Image Source : AP

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को कहा कि उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले 4 दिनों में तेज बारिश होगी। निम्न दबाव का क्षेत्र और एक मानसूनी प्रवाह के कारण 31 जुलाई से एक अगस्त को मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में और 31 जुलाई को छत्तीसगढ़ तथा उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि 31 जुलाई से 4 अगस्त के दौरान राजस्थान के पूर्वी भाग और मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है जबकि 31 जुलाई से 3 अगस्त के दौरान बारिश और तेज होगी।

राजस्थान के पूर्वी भाग और मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में कुछ स्थानों पर 31 जुलाई-2 अगस्त के बीच बहुत तेज वर्षा हो सकती है। IMD ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। वहीं, एक से 2 अगस्त के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा के साथ छिटपुट जगहों पर बहुत तेज बारिश हो सकती है। IMD ने कहा कि 31 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, एक अगस्त को पंजाब में, 2 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश और 4 अगस्त तक उत्तराखंड और हरियाणा में भारी बारिश के साथ उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में वर्षा गतिविधि का वर्तमान दौर जारी रहने की संभावना है।

इस बीच IMD ने शनिवार को मध्य प्रदेश के 22 जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। IMD के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने कहा कि अलर्ट रविवार सुबह तक के लिए जारी किये गये हैं। उन्होंने बताया कि सतना, गुना, श्योपुर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों के लिए बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है जबकि शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, सागर, नीमच, मंदसौर, अशोक नगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत