श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले का वेयान गांव देश का पहला गांव बन गया है, जहां 18 साल से ऊपर की पूरी आबादी को कोरोना टीका लगाया जा चुका है। इस राष्ट्रीय रिकॉर्ड का श्रेय 'जम्मू-कश्मीर मॉडल' को जाता है जिसके तहत प्रशासन ने लोगों तक पहुंचने का फैसला लिया न कि लोग टीकाकरण केंद्र तक आएं। बांदीपोरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर बशीर अहमद खान ने कहा कि कठिन इलाका होने के कारण इस गांव तक पहुंचने के लिए टीकाकरण करने वालों को लगभग 18 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा।
वेयान गांव में कुल 362 लाभार्थियों के साथ 18 वर्ष से ऊपर की पूरी आबादी का टीकाकरण किया गया। यहां बता दें कि, गांव के लोग गर्मियों के दौरान मवेशियों के साथ ऊपरी इलाकों में जाते हैं, इसलिए उनके बाहर जाने से पहले उन तक पहुंचना महत्वपूर्ण था। "जम्मू-कश्मीर मॉडल" के तहत तीव्र गति से पूरी आबादी का टीकाकरण करने के लिए 10-सूत्री रणनीति अपनाई है।