1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 500 आवारा कुत्तों की बेरहमी से हुई हत्या, सरपंचों और अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोप

500 आवारा कुत्तों की बेरहमी से हुई हत्या, सरपंचों और अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोप

 Reported By: T Raghavan Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jan 14, 2026 12:53 pm IST,  Updated : Jan 14, 2026 04:48 pm IST

तेलंगाना के कामरेड्डी जिले में 3 दिनों के भीतर करीब 500 आवारा कुत्तों की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सरपंचों और स्थानीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, पशु कल्याण संगठनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Telangana stray dogs killing, Kamareddy animal cruelty case, 300 dogs killed India- India TV Hindi
तेलंगाना के कामरेड्डी में 300 कुत्तों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

कामरेड्डी: तेलंगाना के कामरेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले में लगभग 500 आवारा कुत्तों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सामूहिक हत्या को 6, 7 और 8 जनवरी 2026 को यानी कि 3 दिनों के अंदर अंजाम दिया गया। आरोप है कि यह काम गांव के सरपंचों, सचिवों और कुछ स्थानीय व्यक्तियों ने किया है, जो पशु संरक्षण कानूनों का खुला उल्लंघन है। घटना की जानकारी मिलते ही पशु कल्याण कार्यकर्ता और स्ट्रे एनिमल फ़ाउंडेशन ऑफ इंडिया नाम के क्रूरता निवारण प्रबंधक अदुलापुरम गौतम ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।

'सच्चाई सामने आए और दोषियों को सजा मिले'

गौतम ने शायंपेटा पुलिस स्टेशन जाकर मामले की औपचारिक शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एक FIR दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भी इसमें हस्तक्षेप किया। उन्होंने सर्कल इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर से बात की और उन्हें सख्त निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि FIR दर्ज करने के साथ-साथ मृत जानवरों का पोस्टमॉर्टम भी कानून के मुताबिक कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों को सजा मिले। इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अदुलापुरम गौतम ने कहा, 'आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने का एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) ही एकमात्र वैज्ञानिक और मानवीय समाधान है।'

'गैरकानूनी हत्याएं कोई समाधान नहीं हो सकतीं'

गौतम ने जोर देकर बताया कि ABC नियम 2023 को लागू करने में विफलता और स्थानीय निकायों की निष्क्रियता ने सीधे तौर पर आवारा कुत्तों की संख्या में वृद्धि में योगदान दिया है। गौतम ने राज्य सरकार से अपील की कि वे तुरंत बड़े पैमाने पर नसबंदी और बड़े पैमाने पर एंटी-रेबीज़ टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करें। उन्होंने आगे कहा, 'हमें हाल ही में एक सूचना मिली कि कामारेड्डी जिले के मच्चारेड्डी पुलिस स्टेशन लिमिट्स में 500 स्ट्रे डॉग्स की हत्या कर दी गई है। हमें जानकारी मिली कि इन 5 गांवों के सरपंचों ने इन स्ट्रे डॉग्स को जहर का इंजेक्शन देकर उन्हें मार दिया और गांवों के बाहर ही जमीन में उन्हें दफना दिया। हमने 5 सरपंचों के खिलाफ शिकायत दी है जिसके आधार पर FIR दर्ज की गई है, पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। जो हुआ है, वह गलत है।'

पुलिस कर रही है मामले की जांच

गौतम ने आगे कहा, '500 स्ट्रे डॉग्स को इस तरह से मार देना गैरकानूनी है, प्रिवेंशन ऑफ एनिमल क्रूएलिटी एक्ट का उल्लंघन है। इन्हें एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर भेजा जाना चाहिए। इस तरह कोई रूल नहीं है, इसीलिए ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जानी चाहिए।' पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत